श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने अगस्त में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव ऐसे समय भेजा गया है जब भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा स्थगित हो गया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने आधिकारिक रूप से इस प्रस्ताव को लेकर फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन अगर यह सीरीज होती है तो रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलते नजर आ सकते हैं। रोहित और कोहली की जोड़ी अब भारत के लिए वनडे में ही खेलती नजर आएगी क्योंकि इन दोनों ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया है।
छह सीमित ओवर के मुकाबले खेलने का प्रस्ताव
श्रीलंका क्रिकेट ने छह सीमित ओवरों के मुकाबले का प्रस्ताव रखा है जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 मैच की सीरीज शामिल है। भारत को बांग्लादेश दौरे पर इतने ही मैचों की सीरीज खेलनी थी। हालांकि, बीसीसीआई विकल्पों पर विचार कर रहा है। बीसीसीआई का फैसला इस बात पर भी निर्भर है कि वह एशिया कप में खेलने पर क्या निर्णय लेता है। बीसीसीआई के इस फैसले का पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को काफी इंतजार है।
सूत्र ने इस रिपोर्ट के हवाले से कहा, 'एसएलसी की ओर से एक अनुरोध लंबित है, लेकिन हमने अभी तक उस पर कोई फैसला नहीं लिया है। हमें एशिया कप की स्थिति देखनी होगी। सब कुछ आपस में जुड़ा हुआ है।' इसका यह मतलब नहीं है कि एशिया कप और श्रीलंका सीरीज दोनों नहीं हो सकतीं, लेकिन बीसीसीआई स्वाभाविक रूप से और उचित रूप से किसी निर्णय पर पहुंचने से पहले खिलाड़ियों और कोचों से परामर्श करना चाहता है।
कोच गंभीर और चयनकर्ता से चर्चा करेगा बीसीसीआई
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया इस सप्ताह लॉर्ड्स टेस्ट के लिए लंदन में हैं और मैच के दौरान या बाद में खिलाड़ियों, मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के साथ उनकी चर्चा होने की संभावना है। इन परामर्शों के बाद बीसीसीआई द्वारा एसएलसी के अनुरोध पर प्रतिक्रिया दिए जाने की उम्मीद है। भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारे, रोहित शर्मा और विराट कोहली जो अब टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं, अगर बीसीसीआई एसएलसी के अनुरोध को स्वीकार कर लेता है, तो उनके वनडे मैचों में खेलने की उम्मीद है। भारत को मूल रूप से 17 से 31 अगस्त तक बांग्लादेश में छह सीमित ओवरों के मैच खेलने थे, लेकिन बीसीसीआई और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड दोनों ने इस सीरीज को अगले साल तक के लिए टाल दिया था।
एशिया कप पर जल्द हो सकता है फैसला
इस रिपोर्ट के अनुसार, एशिया कप को लेकर आने वाले कुछ दिनों में फैसला हो सकता है। टूर्नामेंट का मेजबान होने के नाते बीसीसीआई को इस बारे में अंतिम फैसला लेना है। बीसीसीआई भारत सरकार की सलाह पर कोई निर्णय लेगा। माना जा रहा है कि एशिया कप का आयोजन 10 से 28 सितंबर तक होगा। हालांकि, इसके लिए सरकार की ओर से आधिकारिक मंजूरी का इंतजार है।