दिल्ली पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि श्रीसंत ने ज्यादातर शहरों में मौजूद अपनी गर्लफ्रेंड्स को महंगे मोबाइल गिफ्ट कर रखे हैं। वह फिक्सिंग के लिए गर्लफ्रेंड्स के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था।
गौरतलब है कि श्रीसंत ने फिक्सिंग की रकम से दो महंगे मोबाइल फोन खरीदे थे। एक फोन उसने जयपुर की गर्लफ्रेंड साक्षी को दिया था और दूसरा फोन उसने एयरलाइंस में काम करने वाली दूसरी गर्लफ्रेंड को दिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वह एयरलाइंस वाली गर्लफ्रेंड के फोन का ज्यादा इस्तेमाल करता था। दिल्ली पुलिस श्रीसंत की मुंबई वाली गर्लफ्रेंड के मोबाइल का भी रिकॉर्ड खंगाल रही है। गिरफ्तारी के समय ये गर्लफ्रेंड श्रीसंत के साथ थी।
दिल्ली पुलिस को बॉलीवुड कनेक्शन मिल गया है। इस कनेक्शन को पुख्ता करने व सबूत जुटाने के लिए दिल्ली पुलिस की एक टीम मुंबई में 15 मई से ही डेरा डाले है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने दावा किया है कि जल्द ही बॉलीवुड के कुछ लोगों के खिलाफ सबूत मिल जाएंगे। इसके लिए दिल्ली पुलिस मुंबई व गोवा में लगातार छापेमारी कर रही है।
जब 15 मई की रात श्रीसंत को गिरफ्तार किया था उस समय एक फिल्म अभिनेता उसकी गाड़ी चला रहा था। मुंबई पुलिस को इस बात की भनक नहीं है कि दिल्ली पुलिस की एक टीम मुंबई में सबूत जुटाने में लगी हुई है।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि किसी को तभी गिरफ्तार किया जाएगा जब उसके खिलाफ सबूत मिल जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बॉलीवुड कनेक्शन के अलावा दिल्ली पुलिस दक्षिण भारत के कुछ सीरियल अभिनेता को लेकर भी तफ्तीश कर रही है। इसको लेकर एक टीम हैदराबाद में पिछले कई दिनों से डेरा डाले हुए है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हैदराबाद में दक्षिण भारत के अभिनेता व कई बुकी पर नजर रखी जा रही है। दिल्ली पुलिस हैदराबाद में बुकी व किसी अभिनेता को जल्द ही पकड़ सकती है।