आईपीएल 6 में स्पॉट फिक्सिंग मामले में राजस्थान रॉयल्स के सह मालिक राज कुंद्रा को क्लीन चिट मिल गई है। साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स की मालिकाना कंपनी इंडिया सीमेंट को पाक साफ बताया गया है।
बीसीसीआई कार्यसमिति की रविवार को बैठक के बाद बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने जानकारी देते हुए कहा, 'राज कुंद्रा, राजस्थान रॉयल्स और इंडिया सीमेंट्स के खिलाफ कोई सुबूत नहीं मिले हैं।' साथ ही उन्होंने बताया कि चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व टीम प्रिसिंपल गुरुनाथ मयप्पन के खिलाफ भी कोई सुबूत नहीं मिले हैं।'
इस तरह से गुरुनाथ के पाक साफ साबित होने से उनके ससुर और बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन की बोर्ड में बतौर अध्यक्ष वापसी का रास्ता साफ हो गया है।
जांच रिपोर्ट अब आईपीएल की गवर्निंग कमिटी को सौंपी जाएगी और रिपोर्ट पर दो अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली कमिटी की बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा।
जांच रिपोर्ट अरुण जेटली द्वारा पढ़ी जाएगी। जेटली ही आईपीएल की गवर्निंग कमिटी और वर्किंग कमिटी के लिए रिपोर्ट का आकलन करेंगे।
स्पॉट फिक्सिंग मामले में दो सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट में गुरुनाथ के अलावा राजस्थान के सह मालिक राज कुंद्रा को भी क्लीन चिट दिया गया है। हालांकि उन्होंने जांच के दौरान पूछताछ में स्पॉट फिक्सिंग करने की बात को स्वीकार किया था।
आईपीएल गवर्निंग कमिटी की अगली बैठक दो अगस्त को नई दिल्ली में होगी और इस बैठक के जरिए इस्तीफा दे चुके आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष राजीव शुक्ला की भी वापसी हो सकती है।
बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष जगमोहन डालमिया ने कहा है कि राजीव शुक्ला का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया गया है। वह अभी भी आईपीएल के चेयरमैन हैं।
बीसीसीआई ने जांच पूरी होने तक राज कुंद्रा को रॉयल्स टीम से निलंबित कर दिया था। स्पॉट फिक्सिंग विवाद में दिल्ली पुलिस ने कुंद्रा से कई घंटों पूछताछ की थी।
आईपीएल मैचों के दौरान कुंद्रा और उनके दोस्त उमेश गोयनका पर मैचों के दौरान सट्टेबाजी करने के आरोप में लंबी पूछताछ की गई थी।
श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ को मुंबई पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान मई के अंत में गिरफ्तार किया था। गुरुनाथ को बिंदु दारा सिंह की मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में बिंदु ने सट्टेबाजी में गुरुनाथ की संलिप्तता की बात कही थी।