दिल्ली पुलिस ने आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में गिरफ्तार राजस्थान रॉयल्स के तीनों क्रिकेटरों एस श्रीसंत, अजीत चंदीला और अंकित चव्हाण पर अपना शिकंजा और कस दिया है।
पुलिस ने तीनों को शनिवार को आमने-सामने बैठाकर उनसे पूछताछ की। इस दौरान कई अहम खुलासे हुए।
वहीं टीम इंडिया के पेसर रहे श्रीसंत के लिए मुश्किलें और बढ़ गई हैं क्योंकि मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को बांद्रा स्थित उनके होटल के कमरे पर छापा मार के उनका लैपटॉप, आईपैड, मोबाइल फोन और डायरी जब्त की है।
मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त हिमांशु राय ने कहा है कि पुलिस इन्हें खंगाल रही है। अपनी जांच में सबूत मिलने पर पुलिस उनके खिलाफ केस दर्ज करेगी और पूछताछ के लिए हिरासत में भी लेगी।
इधर दिल्ली पुलिस ने स्पॉट फिक्सिंग में लगे धन का पता लगाने के लिए अपनी टीमें मुंबई, अहमदाबाद, कोलकाता और हैदराबाद रवाना कर दी।
लेकिन शनिवार को जांच का अहम बिंदु यह रहा कि दिल्ली पुलिस ने चंदीला को पहले श्रीसंत और फिर अंकित के सामने बैठाया। विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) एनएस श्रीवास्तव ने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत मिल गए हैं।
तीनों क्रिकेटर मर्जी से पैसे के लिए फिक्सिंग में शामिल हुए थे। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि खिलाड़ियों को किसी न किसी तरीके से अंडरवर्ल्ड से भी धमकियां मिल रही थीं।
विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कुछ अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ केस को मजबूत करने के लिए कानूनी जानकारों की भी सलाह ले रही है।
इस बीच पुलिस ने फिक्सिंग मामले में गिरफ्तार पांच और बुकीज के नामों का खुलासा किया है। इन्हें गुड़गांव से गिरफ्तार किया गया। इनके नाम अश्विनी अग्रवाल उर्फ टिंकू, अमित गुप्ता, रमाकांत, लव गर्ग और अजय गोयल हैं।
वहीं कोर्ट के आदेश पर शनिवार शाम को क्रिकेटरों और 11 बुकीज की एम्स में मेडिकल जांच कराई गई। यह भी पता चला है कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने श्रीसंत की गिरफ्तारी से पहले तीन बुकीज -रमेश व्यास (52), पांडुरंग कदम (41) और अशोक व्यास (32)- को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद एक अन्य बुकी प्रवीण बेहरा को भांडुप में गिरफ्तार किया। इनके पास से 92 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड, एक टीवी और एक लैपटॉप भी बरामद किया गया। ये लोग टेलीकॉन्फ्रेंसिंग से दुबई और पाकिस्तान बात करते थे।
पुलिस ने शुक्रवार को व्यास के संपर्क में रहने वाले एक बुकी पंकज शाह को भी गिरफ्तार किया।
आवाज के सैंपल लिए जाएंगे
दिल्ली पुलिस गिरफ्तार क्रिकेटरों और बुकीज की आवाज का सैंपल लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी। क्रिकेटरों की आवाज के सैंपलों और रिकार्डिंग की आवाज समान होना पुलिस के पास एक बड़ा सबूत होगा।
सेट मैक्स से मांगे फुटेज
विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस ने आईपीएल-6 का प्रसारण कर रहे चैनल सेट मैक्स से पांच, नौ और 15 मई के मैचों के फुटेज मंगाए हैं। श्रीवास्तव ने बताया कि अभी राजस्थान रॉयल्स की मालिक शिल्पा शेट्टी और कप्तान राहुल द्रविड़ से पूछताछ की जरूरत नहीं पड़ी है।
अब तक गिरफ्तार
मुंबई से
एस श्रीसंत, अजीत चंदीला, अंकित चव्हाण, चंद्रेश, मनन, अमित सिंह और जीजू जनार्दन
दिल्ली से
दीपक और राकेश
गुड़गांव से
अश्विनी कुमार, अमित गुप्ता, रमाकांत, लव गर्ग और अजय गोयल