दक्षिण अफ्रीका को अपनी धरती के अलावा विदेशी सरजमीं पर भी बेहतरीन खेल दिखाने वाली टीम के रूप में जाना जाता है। लेकिन श्रीलंका दौरे पर वनडे सीरीज में शर्मनाक प्रदर्शन से उसके प्रशंसकों को निराशा हुई थी।
दक्षिण अफ्रीका इस समय श्रीलंका के दौरे पर है। हालांकि दौरे की शुरुआत उसके लिए अच्छी नहीं रही थी और पांच मैचों की वनडे सीरीज में 4-1 से हार का सामना करना पड़ा।
लेकिन प्रोटिज 20-20 ओवर के प्रारूप में अपने लय में आ गए और मेजबान श्रीलंका पर तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है। उसने पहला मैच 12 रन से जीता था। तीसरा टी-20 मैच मंगलवार को खेला जाएगा।
दूसरे टी-20 मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। खराब शुरुआत के बावजूद अफ्रीकी टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 145 रन बनाने में सफल रही।
उसकी ओर से डेविड मिलर ने तेजी से खेलते हुए 21 गेंदों में 36 रन बनाए। जबकि जेपी डुमनी ने 30 रन बनाए।
श्रीलंका के लिए नुवान कुलसेकरा और सचित्रा सेनानायके ने दो-दो सफलता हासिल की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लंकाई टीम को लोनबावो सोतसोबे (2 विकेट) और मोर्ने मोर्कल (2 विकेट) ने जोर का झटका दिया जिससे मेजबान टीम उबर नहीं सकी। श्रीलंका 20 ओवर में सात विकेट पर महज 123 रन ही बना सका।
कुमार संगकारा ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज कमाल नहीं दिखा सके।