ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन एक बार फिर खतरनाक गेंदबाज साबित हुए हैं और मेजबान दक्षिण अफ्रीका की पारी 206 रनों पर समेट दी।
सेंचुरियन में खेले जा रहे मुकाबले के तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 206 रनों पर आउट हो गई। मेजबान टीम की ओर से एबी डीविलियर्स ने सर्वाधिक 91 रनों का योगदान दिया। पहली पारी के आधार पर दक्षिण अफ्रीका 193 रन पिछड़ गया है।
डीविलियर्स को छोड़कर अन्य अफ्रीकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। उनके पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने शॉन मार्श के 148 और स्टीवन स्मिथ के 100 रन की मदद से पहली पारी में 397 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
मार्श के शतक से ऑस्ट्रेलिया मजबूत
मैच के पहले दिन शॉन मार्श (148) की शानदार शतकीय पारी और उनकी स्टीवन स्मिथ (100) के साथ शतकीय साझेदारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन बुधवार को चार विकेट पर 297 रन बनाए। दोनों के बीच 233 रनों की साझेदारी हुई।
हालांकि इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपने चार विकेट मात्र 98 रन तक गंवा दिए थे लेकिन चोटिल आलराउंडर शेन वॉटसन की जगह टीम में शामिल किए गए मार्श ने स्टीवन स्मिथ के साथ मिलकर टीम को शुरुआती संकट से उबार लिया।