पाकिस्तान सुपर लीग में पेशावर जाल्मी और क्वेटा ग्लैडिटर्स के बीच मैच में दो खिलाड़ी आपस में जबरदस्त तरीके से भिड़ गए। मैदान में गर्मा-गर्मी इतनी बढ़ गई कि अंपायर को बीच बचाव के लिए आना पड़ा। अब दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। ये खिलाड़ी थे, सोहेल तनवीर और बेन कटिंग। ये दोनों खिलाड़ी इससे पहले साल 2018 में कैरिबियन प्रीमियर लीग में भी भिड़ चुके हैं। मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे को उंगली दिखाई और काफी बहस की। इसी वजह से दोनों पर कार्रवाई की गई है।
मंगलवार को हुए मैच में कटिंग ने सोहेल तनवीर के एक ओवर में 27 रन बनाए। इसमें तीन छक्के भी शामिल थे। इस ओवर में लगातार तीसरा छक्का मारने के बाद उन्होंने तनवरी को एक उंगली दिखाई। तनवीर ने भी उनका जवाब दिया और मामला बढ़ने पर अंपायर को सुलह के लिए आना पड़ा। हालांकि, अगले ही ओवर में कटिंग नसीम शाह के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए। सोहेल तनवीर ने उनका कैच पकड़ा और उन्हें दोनों हाथ से उंगली दिखाई।
दोनों खिलाड़ियों पर लगा जुर्माना
दोनों खिलाड़ियों को पाकिस्तान सुपर लीग के नियम के अनुसार दोषी पाया गया और दोनों की मैच फीस का 15 फीसदी हिस्सा काट लिया गया। मैच रेफरी अली नकवी ने कहा कि इस खेल में ऐसे अनुचित इशारों के लिए कोई जगह नहीं है। खिलाड़ियों को मैदान के अंदर और बाहर अपनी जिम्मेदारी समझने और याद रखने की जरूरत है। ये खिलाड़ी युवाओं के आदर्श होते हैं और ऐसे इशारे गलत संदेश देते हैं।
पेशावर जाल्मी ने क्वेटा ग्लैडिटर्स को 24 रन से हराया
इस मैच में पेशावर जाल्मी ने क्वेट ग्लैडिटर्स को 24 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पेशावर की टीम ने सात विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए। उनके लिए शोएब मलिक ने 58 और तलट ने 51 रन की पारी खेली। वहीं बेन कटिंग ने 36 रन बनाए। क्वेटा ग्लैडिटर्स के लिए नसीम शाह ने चार विकेट लिए।
186 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्वेटा ग्लैडिटर्स की टीम आठ विकेट के नुकसान पर 161 रन ही बना सकी। विल स्मीड ने सबसे ज्यादा 99 रन बनाए, लेकिन किसी बल्लेबाज ने उनका साथ नहीं दिया। उनके अलावा कप्तान सरफराज अहमद ने 25 रन की पारी खेली। उस्मान कादिर ने सबसे ज्यादा तीन और सलमान इरसाद ने दो विकेट अपने नाम किए।