पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का डीपफेक वीडियो वायरल होने पर फैंस ने चिंता जाहिर की है। कई फैंस तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर परेशान हैं तो कई लोगों ने सचिन का ट्वीट पढ़े बिना ही बेटिंग एप के प्रचार के लिए उन्हें कोसना भी शुरू कर दिया। वहीं, कुछ फैंस इस वीडियो को असली समझ बैठे थे। जब सच्चाई उनके सामने आई तो वह हैरान रह गए। कमेंट में फैंस ने कहा कि असली और नकली वीडियो की पहचान करना मुश्किल है।
क्या है मामला?
सचिन तेंदुलकर का एक डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह गेमिंग ऐप का प्रचार करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में न केवल सचिन को ऐप की वकालत करते हुए दिखाया गया है, बल्कि यह भी झूठा दावा किया गया है कि उनकी बेटी सारा उस ऐप से वित्तीय लाभ उठा रही हैं। यह वीडियो वायरल होने के बाद सचिन ने खुद इस वीडियो को पोस्ट किया और बताया की यह गलत वीडियो है। इसके साथ ही उन्होंने फैंस से कहा कि ऐसे वीडियो देखते ही उन्हें रिपोर्ट करें।
सचिन के एक फैन ने कमेंट में उनका दूसरा डीपफेक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह उदास होकर बैठे हुए हैं।
सचिन ने डीपफेक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- ये वीडियो फर्जी हैं। तकनीक के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग को देखना परेशान करने वाला है। सभी से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में इस वीडियो, विज्ञापन और ऐप की रिपोर्ट करें। सोशल मीडिया मंचों को शिकायतों के प्रति सतर्क और उत्तरदायी होने की आवश्यकता है। गलत सूचना और डीपफेक के प्रसार को रोकने के लिए उनकी ओर से त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण है।
सचिन की पोस्ट पर फैंस ने अल-अलग प्रतिक्रिया दी। कई फैंस ने कहा कि सचिन को उस एप के मालिक के खिलाफ केस करना चाहिए और उसे सबक सिखाना चाहिए। वहीं, कई लोगों ने तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता जाहिर की।