भारत ने एशिया कप के फाइनल में रविवार (17 सितंबर) को श्रीलंका के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की। इस मैच में टीम इंडिया के मोहम्मद सिराज ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने सात ओवर में 21 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए। सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला। उन्होंने सिर्फ मैच में खतरनाक गेंदबाजी ही नहीं की, बल्कि अपनी पुरस्कार राशि मैदानकर्मियों को सौंपकर प्रशंसकों का दिल भी जीत लिया।
सिराज को मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। उन्हें पुरस्कार राशि में 5000 डॉलर (करीब 4.15 लाख रुपये) मिले। सिराज ने दरियादिली दिखाते हुए इस राशि को मैदानकर्मियों को सौंप दिया। उन्होंने कहा, ''यह नकद पुरस्कार मैदानकर्मियों को जाता है। उनके बिना यह टूर्नामेंट संभव नहीं होता।'' एशिया के अधिकांश मैचों में बारिश ने खलल डाला। इस दौरान मैदानकर्मियों को बार-बार कवर लाने पड़ते थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट के आयोजन में अहम भूमिका निभाई। भारत के कप्तान रोहित शर्मा और श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने उनकी तारीफ की।
सिराज का कहर
- फोटो : सोशल मीडिया
सिराज ने क्या-क्या कहा?
सिराज ने कमेंटेटेर रवि शास्त्री ने पहला सवाल बिरयानी को लेकर किया। उन्होंने पूछा, ''क्या आपने आज बिरयानी खाया था?'' इस पर सिराज ने कहा कि आज बिरयानी नहीं खाया था। इसके बाद उन्होंने आगे अपनी गेंदबाजी को लेकर बाती। सिराज ने कहा, ''काफी समय से अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं। जब तेज गेंदबाजों के बीच अच्छा तालमेल होता है तो यह टीम के लिए मददगार होता है। यह मेरे करियर की सबसे अच्छी गेंदबाजी है।''
मोहम्मद सिराज
- फोटो : सोशल मीडिया
सिराज ने तोड़ा वकार यूनुस का रिकॉर्ड
सिराज ने 21 रन देकर छह विकेट हासिल कर श्रीलंका के खिलाफ सबसे अच्छी गेंदबाजी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सिराज ने इस मामले में पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनुस को पीछे छोड़ा। वकार ने 1990 में शारजाह के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 26 रन देकर छह विकेट लिए थे।