भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। सबसे शर्मनाक बात यह रही कि टी20 रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-वन टीम इंडिया उस टीम के खिलाफ हारी है जो 2022 टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। विंडीज दौरे पर टेस्ट मैचों को छोड़ दें तो वनडे सीरीज में भी भारतीय टीम को जीत के लिए जूझना पड़ा था। इस दौरे पर भारत के लिए सबसे निराश करने वाली बात शुभमन गिल का फॉर्म है।
पांच अक्तूबर से भारतीय सरजमीं पर ही वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत हो रही है। उससे ठीक पहले शुभमन गिल आउट ऑफ फॉर्म हो गए हैं। शुभमन को आने वाले समय का बड़ा बल्लेबाज बताया जा रहा है। खुद हेड कोच राहुल द्रविड़ भी शुभमन की तारीफ कर चुके हैं और उन्हें फ्यूचर स्टार बता चुके हैं। हालांकि, उनके मौजूदा प्रदर्शन ने फैंस को काफी निराश किया है। शुभमन विदेशी पिचों पर कुछ खास नहीं कर पाए हैं, ऐसे में कुछ फैंस उनके फ्यूचर स्टार होने पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
साल की शुरुआत शुभमन ने शानदार अंदाज में की
शुभमन गिल
- फोटो : अमर उजाला
इस साल की शुरुआत होते ही शुभमन के बल्ले से खूब रन निकले। टी20, वनडे और टेस्ट तीनों फॉर्मेट में उन्होंने जमकर रन बनाए। मई तक शुभमन के बल्ले से रन बरसे, लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि उन्होंने यह सारे मैच भारतीय जमीन पर खेले। शुभमन ने श्रीलंका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत में तीनों फॉर्मेट के मैच खेले। इस साल जनवरी से मार्च तक शुभमन ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर भारत के लिए 18 पारियों में 61.25 की औसत से 980 रन बनाए।
इस मामले में वह नंबर-वन रहे। इसके बाद आईपीएल की शुरुआत हुई और उसमें भी शुभमन के बल्ले से रनों की बारिश हुई। 17 मैचों में वह 59.33 की औसत और 157.80 के स्ट्राइक रेट से टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। आईपीएल के खत्म होते ही शुभमन के बल्ले में जंग लग गई और वह जूझते हुए दिख रहे हैं।
जून से शुभमन रन बनाने के लिए जूझ रहे
शुभमन गिल
- फोटो : अमर उजाला
इस साल जून से शुभमन भारत के लिए सबसे ज्यादा 11 मैच खेल चुके हैं और इसकी 13 पारियों में 25.33 की औसत से 304 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज खेली, लेकिन कुछ खास रन नहीं बना सके।
कंगारुओं के खिलाफ लंदन के ओवल मैदान पर डब्ल्यूटीसी फाइनल की दो पारियों में शुभमन ने 13 और 18 रन बनाए। वहीं, वेस्टइंडीज दौरे पर शुभमन की पारियां कुछ इस प्रकार रहीं- 6 रन, 10 रन, 29* रन, 7 रन, 34 रन, 85 रन, 3 रन, 7 रन, 6 रन, 77 रन और 9 रन। वेस्टइंडीज दौरे पर शुभमन 11 पारियों में 273 रन बनाए। इनमें दो अर्धशतक शामिल हैं।
भारत को वेस्टइंडीज दौरे पर अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाए
भारत को वेस्टइंडीज दौरे पर इसलिए जूझना पड़ा क्योंकि शुभमन टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे। जिस मैच में भारतीय ओपनर्स का बल्ला चला, टीम इंडिया ने वह मैच आसानी से अपने नाम किए। भारत को अपने घर में वर्ल्ड कप खेलना है। पूरी संभावना है कि शुभमन ओपनिंग के लिए उतर सकते हैं। ऐसे में उनका ऐन मौके पर आउट ऑफ फॉर्म होना निराशाजनक है।
हालांकि, फैंस ने शुभमन को इस बात को लेकर भी ट्रोल किया कि वह बस भारतीय पिचों पर रन बना सकते हैं और विदेशी मैदान पर उनके बल्ले से रन नहीं निकलते। आंकड़े भी कुछ यही बयां करते हैं। इस साल शुभमन ने भारतीय मैदानों में 18 पारियों में 980 रन बनाए, जबकि विदेशी पिचों पर उनके बल्ले से 13 पारियों में 304 रन निकले।
विदेशी मैदान पर फेल रहे हैं शुभमन गिल
शुभमन के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 11 टी20 में 30.40 की औसत और 146.86 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। इस फॉर्मेट में होम और अवे के नजरिये से उनके प्रदर्शन की बात करें तो शुभमन ने भारत में छह टी20 पारियों में 40.40 की औसत से 202 रन बनाए।
वहीं, विदेशी जमीन पर पांच टी20 पारियों में उनके बल्ले से 20.40 की औसत से 102 रन बनाए। वनडे में शुभमन ने अब तक 27 मैचों में 62.48 की औसत से 1437 रन बनाए हैं। होम और अवे की बात करें तो इस फॉर्मेट में उन्होंने घरेलू मैदान पर 12 पारियों में 64 की औसत से 704 रन बनाए, जबकि विदेशी जमीन पर 61.08 की औसत से 733 रन बनाए।
एशिया कप में फॉर्म में लौटने की करेंगे कोशिश
टेस्ट में शुभमन ने अब तक 33 पारियों में 32.20 की औसत से 966 रन बनाए हैं। अपने घर में 14 टेस्ट पारियों में उन्होंने 32.08 की औसत से 417 रन और विदेशी जमीन पर 19 टेस्ट पारियों में 32.29 की औसत से 549 रन बनाए हैं। ऐसे में फैंस के लिए अच्छी बात यह है कि वर्ल्ड कप भारत में होना है। उससे पहले टीम इंडिया को एशिया कप खेलना है। दोनों ही टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की घोषणा नहीं हुई है।
हालांकि, शुभमन का खेलना तय माना जा रहा है। ऐसे में वह एशिया कप में खूब रन बनाकर वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना चाहेंगे। एशिया कप में शुभमन का प्रदर्शन उनके लिए आगे की राह तय कर सकता है। एशिया कप हो या वर्ल्ड कप, अच्छी शुरुआत के बिना भारतीय टीम के लिए कोई भी मैच जितना मुश्किल होगा। इन दोनों टूर्नामेंट में शुभमन गिल का चलना भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा।