भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने रणजी ट्रॉफी के छठे दौरे के मुकाबले में खेलने की पुष्टि कर दी है। शुभमन पंजाब के लिए कर्नाटक के खिलाफ 23 जनवरी से बंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैच में खेलते नजर आएंगे। हालांकि, इस मैच के लिए पंजाब टीम की घोषणा अब तक नहीं हुई है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, शुभमन ने रणजी ट्रॉफी में खेलने के लिए खुद को उपलब्ध रखा है।
जाफर के साथ काम करने का मौका मिलेगा
शुभमन अगर इस मैच में खेलने उतरे तो उन्हें वसीम जाफर के साथ काम करने का मौका मिलेगा जो रणजी ट्रॉफी इतिहास के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और पंजाब के कोच हैं। शुभमन का एशिया के बाहर प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और उनका जून 2021 से 18 पारियों में औसत 17.64 का है। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ जून में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है और उससे पहले शुभमन अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे।
2022 में खेला था अंतिम रणजी मुकाबला
शुभमन ऐसे समय टीम से जुड़ रहे हैं जब अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे सीनियर खिलाड़ी इसका हिस्सा नहीं होंगे क्योंकि ये दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। शुभमन आखिरी बार 2022 में पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलते नजर आए थे। उन्होंने उस वक्त अलूर में मध्य प्रदेश के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच में हिस्सा लिया था।
भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भारतीय टीम प्रबंधन ने सीनियर खिलाड़ियों से घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेने के लिए कहा था। मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने इस बारे में बात की थी कि शीर्ष खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के अलावा राज्यों की टीम के लिए खेलना भी जरूरी है।
शुभमन उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर निराश किया था। वह पांच पारियों में 31 रन ही बना सके थे। अंगुली में चोट के कारण वह पर्थ में खेले गए पहले मैच में नहीं खेल सके थे और फिर उन्हें बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए भी अंतिम एकादश से बाहर रखा गया था। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शुभमन का औसत 18.60 का रहा था।