दरअसल, भारतीय पारी के 84वें ओवर में श्रेयस अय्यर को जीवनदान मिला। इस ओवर में बांग्लादेश के तूफानी गेंदबाज इबादत हुसैन गेंदबाजी के लिए, जो लगातार 140+ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने में माहिर हैं। ओवर की पहली गेंद के बाद ऑन फील्ड अंपायर को लगा कि स्ट्राइक एंड पर स्टंप्स पर लगी गिल्लियों में से एक चमक नहीं रही है, या यूं कहें ब्लिंक नहीं कर रही है। बेल्स के ब्लिंक करने से आउट या नॉटआउट के फैसले में आसानी होती है।
ऐसे में अंपायर ने मैच रोककर नए बेल्स लाने को कहा और एक बेल को हटाकर नई लगाई गई। इसके बाद तीन गेंदें और फेंकी गईं। पांचवीं गेंद पर इबादत ने 135+ की रफ्तार से बेहतरीन इनस्विंग गेंद की, जिसे स्ट्राइक पर मौजूद श्रेयस अय्यर पढ़ नहीं पाए। गेंद सीधे जाकर स्टंप्स पर लगी। श्रेयस और फील्डिंग टीम को लगा कि श्रेयस आउट हो गए। बांग्लादेश की टीम जश्न भी मनाने लगी, लेकिन फिर श्रेयस ने देखा कि बेल्स स्टंप्स से गिरी नहीं थी।
इबादत और बांग्लादेश की पूरी टीम यह देखकर चौंक गई और उन्हें यकीन नहीं हुआ। गेंद स्टंप्स पर तो लगी, जिससे बेल्स हिली तो सही, लेकिन नीचे गिरी नहीं। इससे श्रेयस बच गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर ट्वीट की बाढ़ आ गई कि श्रेयस आउट क्यों नहीं हुए, जबकि बेल्स डिसलोकेट हुई थीं। दरअसल, क्रिकेट के एमसीसी कानूनों के कानून 29.1 के मुताबिक, बल्लेबाज को आउट देने के लिए बेल्स के पूरी तरह से स्टंप्स से हटने पर ही आउट दिया जाता है। नियम के मुताबिक, विकेट तब गिरता है जब स्टंप के ऊपर से कम से कम एक बेल पूरी तरह से हट जाए, या एक या एक से अधिक स्टंप जमीन से हटा दिया जाए।
इन दोनों में से कोई भी स्थिति उस वक्त नहीं घटी। ऐसे में ऑन फील्ड अंपायर ने नॉटआउट का फैसला दिया। इसका फायदा उठाकर श्रेयस नाबाद लौटे। श्रेयस शतक की ओर बढ़ रहे हैं और 18 रन दूर हैं। उन्होंने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। अपनी पारी में श्रेयस ने अब तक 10 चौके लगाए हैं। इससे पहले टीम इंडिया की शुरुआत सधी हुई रही थी। कप्तान केएल राहुल और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। शुभमन 20 रन बनाकर आउट हुए।
राहुल भी 22 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। विराट कोहली कुछ खास नहीं कर सके और एक रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत ने चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर 64 रन की साझेदारी निभाई। पंत अर्धशतक से चूक गए और 45 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। पुजारा ने फिर श्रेयस के साथ मिलकर 149 रन की साझेदारी निभाई।
पुजारा ने टेस्ट करियर का 34वां अर्धशतक लगाया। इस साझेदारी को तैजुल इस्लाम ने तोड़ा। पुजारा ने 203 गेंदों में 11 चौके की मदद से 90 रन की पारी खेली। वह शतक से चूक गए। बांग्लादेश की ओर से स्पिनर तैजुल ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए हैं। वहीं, मेहदी को दो विकेट मिले हैं। खालिद अहमद को एक विकेट मिला है।