पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद अब टीम इंडिया के सामने नीदरलैंड की चुनौती है। भारतीय टीम गुरुवार (27 अक्तूबर) को सिडनी में नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी। दोनों टीमों के बीच यह पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच होगा। उससे पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कप्तान रोहित शर्मा और ओपनर केएल राहुल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि दोनों बल्लेबाज डरे-डरे हुए लग रहे हैं।
शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''भारतीय टीम को पाकिस्तान पर जीत की बधाई, लेकिन उनके ओपनर दबे-दबे और डरे-डरे लग रहे हैं। वे बहुत फंसे हुए दिख रहे हैं। रोहित शर्मा को कप्तान के तौर पर खुद को थोड़ा शांत रखना चाहिए। वह अपनी बैटिंग भी गंवा रहे हैं। केएल राहुल अपनी बल्लेबाजी पर जरूरत से ज्यादा फोकस कर रहे हैं। इससे वह फंस जाते हैं।"
ये भी पढ़ें: T20 WC: सिडनी पहुंची टीम इंडिया, कार्तिक ने अश्विन से कहा थैंक यू, भारतीय स्पिनर ने दिया मजेदार जवाब, VIDEO
भारत ने विराट कोहली की पारी की बदौलत पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया था। विराट ने इस मैच में 53 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 82 रन बनाए और पाकिस्तान के मुंह से जीत छीन ली। उनकी इस पारी को देख पाकिस्तान के खिलाड़ी डर गए हैं और विराट के संन्यास की दुआ कर रहे हैं। पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर यह इच्छा जाहिर की है।
अख्तर ने कहा- मैं चाहता हूं कि विराट कोहली टी20 से संन्यास ले लें। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तानी टीम की जमकर तारीफ की। उन्होंने इफ्तिखार अहमद और शान मसूद की तारीफ की, जिनके अर्धशतकों की बदौलत पाकिस्तानी टीम 159 रन का स्कोर बना पाई। शोएब ने तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और नसीम शाह की भी तारीफ की, जिन्होंने 31 रन के स्कोर पर भारत के चार विकेट गिरा दिए थे।
ये भी पढ़ें: T20 WC: 20वें ओवर में फ्री हिट पर कोहली हुए बोल्ड, फिर भी क्यों मिले तीन रन? यहां जानें नो और डेड बॉल के नियम
शोएब ने कहा "पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन किया है। निराश मत हो, आप सभी ने वास्तव में अच्छा खेला। भारत ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया ... उन्होंने इतिहास के सर्वश्रेष्ठ मैचों में से एक जीता। यह पूरी तरह से एक विश्व कप मैच था। इसमें सब कुछ था- कैच छूटे, रन-आउट, नो-बॉल, विवाद, स्टंपिंग। विश्व कप अभी शुरू हुआ है, विश्व कप तभी शुरू होता है जब भारत-पाकिस्तान खेलते हैं और दोनों टीमें फिर से आमने-सामने होंगी। पाकिस्तान इस विश्व कप में फिर भारत भिड़ेगा।"