राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस के खिलाफ मैच से पहले फिरकी गेंदबाज प्रवीण तांबे के चोटिल होने से गुजरात लायंस की गेंदबाजी विभाग का समीकरण बदल गया और उन्हें एक नए गेंदबाज पर दांव लगाना पड़ा।
गुजरात के कप्तान सुरेश रैना ने जिस नए गेंदबाज पर दांव लगाया उनका एक्शन अजीबोगरीब ढंग का था और उन्हें क्रिकेट जगत का दूसरा पॉल एडम्स कहा जाने लगा। एडम्स दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज रहे हैं और वह सिर्फ अजीबोगरीब ढंग की गेंदबाजी के कारण चर्चा में रहे।
पुणे के खिलाफ मैच में 20 साल के युवा स्पिनर शिवल कौशिक ने पदार्पण किया जो कर्नाटक के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी पहचान कर्नाटक प्रीमियर लीग से बनाई थी। स्लो लेफ्ट ऑर्म गेंदबाज कौशिक ने आईपीएल में पदार्पण करने से पहले न एक भी टी-20 मैच खेला और न ही लिस्ट-ए का कोई मैच खेला था। फर्स्ट क्लास मैच में भी उन्हें अभी अपने करियर की शुरुआत करनी है।
बाएं हाथ का यह स्पिनर सिर के ऊपर से हाथ घुमाकर अनूठे अंदाज में गेंद फेंकने के कारण चर्चा में आ गया। उनका अंदाज कुछ वैसा है जैसा दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर पॉल एडम्स का हुआ करता था।
कर्नाटक प्रीमियर लीग (केपीएल) में खेलने वाले शिवल को किसी भी टीम ने नहीं लिया था। उन्हें यहां तक पहुंचने के लिए कई बार अपना टेस्ट देना पड़ा। केपीएल में हुबली टाइगर्स के लिए खेलते हुए अपनी पहचान बनाई।