टीम इंडिया के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन आईपीएल 2020 के लिए यूएई रवाना होने से पहले अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस दौरान वह भावुक हो गए। दरअसल, धवन ने ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वो अपने माता-पिता के गले लग रहे हैं।
धवन ने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, 'लंबे दौरे पर जाने से पहले माता-पिता का आशिर्वाद लेने पहुंचे। आज भी मेरे माता-पिता मेरे अंदर उस बच्चे को देखते हैं। माता-पिता के प्यार जैसा कोई प्यार नहीं है और मैं इसे हमेशा संजो कर रखूंगा।'
यूएई रवाना होने से पहले मुंबई पहुंचे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी
कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स के भारतीय खिलाड़ी 19 सितंबर से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए संयुक्त अरब अमीरात रवाना होने से पहले गुरुवार को यहां एकत्रित हुए।
कोविड-19 महामारी के कारण पिछले पांच महीने देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित अपने घरों में बिताने वाले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी अलग अलग समूहों में मुंबई पहुंचे। उन्होंने इस बीच सुरक्षा के सभी उपाय अपनाए।
मैं बेहद सकारात्मक मूड में हूं- अजिंक्य रहाणे
पहली बार दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा बने अजिंक्य रहाणे ने कहा, 'इसमें कोई संदेह नहीं कि यह हर किसी के लिए चुनौतीपूर्ण होगा। लेकिन प्रत्येक की तरह मैंने भी पिछले कुछ महीनों में अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान दिया और अपने परिवार की देखभाल की।'
उन्होंने कहा, 'मैंने उनके साथ जो समय बिताया उससे मैं बेहद सकारात्मक मूड में हूं। हालांकि यह आईपीएल हमारे लिए पूरी तरह से भिन्न अनुभव होगा और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि मैदान में उतरने पर हम सभी सकारात्मक रहें।'