श्रीलंका दौरे के लिए कप्तान बनने के बाद सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने शुक्रवार को कहा कि यह मौका दिया जाना उनके लिए सम्मान की बात है। धवन ने ट्वीट किया, 'देश की अगुआई का मौका दिए जाने से सम्मान महसूस कर रहा हूं। आप सभी की शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया।'
भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर 13 जुलाई से तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच खेलेगी जो कोलंबो में खेल जाएंगे। चयनकर्ताओं ने गुरुवार को श्रीलंका श्रृंखला के लिए कई नए चेहरों को चुना क्योंकि मुख्य टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों के लिए ब्रिटेन में होगी।
35 साल के इस खिलाड़ी ने 34 टेस्ट, 145 वनडे और 65 टी-20 मैच खेले हैं। भुवनेश्वर कुमार को उप कप्तान नियुक्त किया गया। श्रृंखला के लिए पांच खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया, जिसमें के गौतम, देवदत्त पडीक्कल, नीतिश राणा, ऋतुराज गायकवाड़ और चेतन सकारिया शामिल हैं।