शिखर धवन श्रीलंका के खिलाफ 18 जुलाई को पहले वनडे में मैदान पर उतरते ही भारतीय टीम की अगुवाई करने वाले देश के सबसे उम्रदराज कप्तान बन जाएंगे। शिखर तब 35 साल 225 दिन के होंगे और वह मोहिंदर अमरनाथ का 34 साल, 37 दिन का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे। भारत का श्रीलंका दौरा 18 जुलाई से वनडे मैच के साथ शुरू होगा। इस सीरीज के सभी मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे।
बता दें कि श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया को तीन वन-डे और इतने ही टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। 18 जुलाई से वन-डे सीरीज की शुरुआत होगी। शिखर धवन की अगुवाई वाली टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ हैं। यह दौरा टी-20 विश्व कप के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरे पर गई टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं। श्रीलंका दौरे के लिए 20 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है, जिसमें हार्दिक पांड्या, स्पिनर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल भी शामिल हैं।
युवा बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल और पृथ्वी शॉ पर भी सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। टीम में इशान किशन और संजू सैमसन के रूप में दो विकेटकीपर भी हैं। भुवनेश्वर कुमार को उप कप्तान नियुक्त किया गया। सीरीज के लिए पांच खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया, जिसमें के गौतम, देवदत्त पडीक्कल, नीतिश राणा, ऋतुराज गायकवाड़ और चेतन सकारिया शामिल हैं।