भारत और श्रीलंका के बीच 18 जुलाई से तीन मैचों की वन-डे सीरीज की शुरुआत होगी। इससे पहले भारतीय टीम कप्तान शिखर धवन की अगुवाई में जमकर प्रैक्टिस कर रही है। टीम इंडिया रात के समय में अभ्यास कर रही है, जिसकी तस्वीर बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा की है। बीसीसीआई ने लिखा, ' नेट प्रैक्टिस का समय...इस रौशनी में हमारा पहला प्रैक्टिस सेशन शुरू हो गया है।' श्रीलंकाई टीम में कोरोना पॉजियिव मामले पाए जाने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने नए शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा की थी। दोनों टीमों के बीच पहला वन-डे 18 जुलाई, दूसरा 20 जुलाई और आखिरी मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा। वहीं, टी-20 सीरीज की शुरुआत 25 जुलाई से होगी। दूसरे व तीसरे मुकाबले क्रमशः 27 और 29 जुलाई को खेले जाएंगे।
शेड्यूल में हुआ दो बार बदलाव
पहले से तय शेड्यूल के मुताबिक, वन-डे सीरीज की शुरुआत 13 जुलाई से होने वाली थी। दूसरा व तीसरा वन-डे क्रमशः 16 और 18 जुलाई को खेला जाना था। इसके बाद 22 जुलाई से टी-20 सीरीज खेली जानी थी। इसके बाद फिर खबर आई की दौरे की शुरुआत 17 जुलाई से होगी जबकि टी-20 सीरीज 24 जुलाई से खेली जाएगी। मगर श्रीलंका टीम के बैटिंग कोच ग्रांट फ्लावर और डेटा एनालिस्ट जीटी निरोशन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद बीसीसीआई और क्रिकेट श्रीलंका ने इसे कुछ दिनों के लिए स्थगित करने का फैसला किया था।