टीम इंडिया का मौजूदा इंग्लैंड दौरा अब तक मिश्रित रहा है। टी-20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया को वन-डे सीरीज में शिकस्त झेलनी पड़ी। अब विराट ब्रिगेड का असली टेस्ट अगस्त से शुरू होने वाला है। बहरहाल, अभी कुछ दिन शेष हैं और ऐसे में टीम इंडिया खाली समय का आनंद अपने परिवार के साथ समय बिताकर कर रहे हैं।
टीम इंडिया के क्रिकेटर्स जो भी फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर रहे हैं, वह तेजी से वायरल हो रही है। शिखर धवन ने ऐसे ही एक फोटो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि परिवार के साथ सैर करते समय उन्हें दो अजनबी मिले। यह अंजान लोग धवन के बेहद करीबी निकले और फिर सभी लोग एक साथ घूमने लगे।
धवन ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, रास्ते में सैर करते समय इन दो अंजानों से मिलना हो गया। दरअसल, यह दोनों कोई अजनबी नहीं बल्कि उन्हीं की टीम के कप्तान और करोड़ों फैंस के चहेते विराट कोहली हैं, जो अपनी पत्नी व बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ उसी जगह पर घूमने में व्यस्त थे।
वहीं टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ सोशल मीडिया पर एक रोमांटिक फोटो शेयर की है। कार के अंदर बैठे हुए कोहली-अनुष्का की यह फोटो फैंस को बेहद पसंद आ रही है।
टीम इंडिया 1 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेलने उतरेगी। इससे पहले टीम इंडिया 25 जुलाई से ऐसेक्स क्लब के खिलाफ एक चार दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी।