टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले का कार्यकाल न बढ़ाने का निर्णय लेने के बाद बीसीसीआई ने कोच के चुनाव के लिए नए सिरे से कार्रवाई शुरू की। इसके बाद ही सबकी नजरें इस बात पर लगी हुई हैं कि दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम का कोच कौन बनेगा? लेकिन टीम इंडिया के कोच के सवाल पर शेन वार्न ने बीसीसीआई का माखौल उड़ा दिया।
वॉर्न ने कहा, मैं बहुत महंगा हूं
शेन वॉर्न
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज स्पिनर शेन वार्न ने बीसीसीआई के बारे में ऐसा बयान दिया जिसे सुनकर सब चकित रह गए। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टॉम मूडी और वीरेंद्र सहवाग सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों ने टीम इंडिया के कोच पद के लिए आवेदन किया है। लेकिन जब वार्न से टीम इंडिया का कोच बनने के बारे में पूछा गया कि क्या वो टीम इंडिया का कोच बनना चाहेंगे तो शेन वॉर्न ने बिलकुल अलग ही जवाब देकर सबको चौंका दिया। वॉर्न ने कहा, 'मैं बहुत महंगा हूं और मुझे नहीं लगता कि बीसीसीआई मेरा खर्चा उठा पाएगी। विराट कोहली और मेरी अच्छी साझेदारी हो सकती है, लेकिन जैसा की मैंने कहा कि मैं बहुत बहुत महंगा हूं।
चार साल तक आईपीएल से जुड़े रहे वॉर्न
शेन वॉर्न
- फोटो : getty
ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ऐसा बयान किसी को भी हैरान करने वाला इसलिए भी है क्योंकि साल 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद वॉर्न इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स टीम का नेतृत्व करते नजर आए। उन्होंने राजस्थान को अपनी कप्तानी में आईपीएल का पहला खिताब भी जिताया। वार्न को राजस्थान रॉयल्स ने 4.5 लाख अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया था। वह 2008 से 2011 तक आईपीएल में राजस्थान के साथ जुड़े रहे।