क्रिकेट के मैदान से दूर हो चुके इंग्लैंड के केविन पीटरसन ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न और माइकल स्लेटर कई बार अपनी ऑफ द फील्ड गतिविधियों की वजह से सुर्खियों में रहते हैं।इस बार भी ये खिलाड़ी सुर्खियों में हैं और मामला भी ऑफ द फील्ड ही है। इस बार ये खिलाड़ी यातायात नियमों के उल्लंघन की वजह से सुर्खियों में हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ दिन पहले शेन वार्न ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें इन तीन खिलाड़ियों को दिखाया गया था। चार मिनट के इसी वीडियो में तीनों ने सीट बेल्ट नहीं लगाए थे।
इस वीडियो को आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल के बाद फिल्माया गया था। हालांकि वीडियो में तीनों को वीडियो फुटेज के अंत में सीट बेल्ट लगाते दिखाया गया है।तस्मानिया पुलिस ने इन तीनों पर सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण 300 डॉलर का जुर्माना लगाया है। पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि तस्मानिया पुलिस वाहन चालकों को यह याद दिलाना चाहती है सीट बेल्ट आपके जीवन की सुरक्षा करता है यात्रियों को यात्रा के दौरान सीट बेल्ट लगाना चाहिए।