शकिब अल हसन (तीन विकेट और 37 रन) और तमीम इकबाल (84*) के शानदार प्रदर्शनों की बदौलत बांग्लादेश ने सोमवार को ट्राई सीरीज के पहले मैच में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से मात दी।
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन वह 49 ओवर में 170 रन बनाकर ढेर हो गई। जवाब में बांग्लादेश ने 129 गेंदें शेष रहते दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
171 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को अनामुल हक (19) के रूप में पहला झटका लगा। ऑफ स्पिनर सिकंदर रजा ने उन्हें इरविन के हाथों कैच आउट कराया। पहला विकेट 30 रन पर गिरने के बाद बांग्लादेश को
तमीम इकबाल (84*) और
शकिब अल हसन (37) ने संभाला।
इकबाल-हसन की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की और बांग्लादेश की जीत आसान कर दी। रजा ने फिर शकिब अल हसन को LBW आउट करके बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। यहां से तमीम इकबाल ने मुश्फिकुर रहीम (14*) के साथ मिलकर बांग्लादेश को जीत दिलाई। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 63 रन की अविजित साझेदारी की। बाएं हाथ के ओपनर तमीम इकबाल ने 93 गेंदों में 8 चौको और एक छक्के की मदद से नाबाद 84 रन बनाए।
जिम्बाब्वे की तरफ से दोनों सफलता सिकंदर रजा ने हासिल की। इससे पहले बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मोर्तजा ने टॉस जीतकर जिम्बाब्वे को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। बांग्लादेशी कप्तान का यह फैसला बिलकुल सही साबित हुआ क्योंकि
सिकंदर रजा (52) और पीटर मूर (33) को छोड़ कोई बल्लेबाज प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सका।
बांग्लादेश के ऑलराउंडर शकिब अल हसन ने तीन विकेट झटककर जिम्बाब्वे को बैकफुट पर धकेला। इसके अलावा मुस्ताफिजुर रहमान और रूबल हुसैन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और दो-दो विकेट लिए। सुन्जामुल इस्लाम और कप्तान मशरफे मोर्तजा को एक- एक सफलता मिली।
बता दें कि तीन देशों के बीच चल रही इस सीरीज की तीसरी टीम श्रीलंका है। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच बुधवार को खेला जाएगा।