टीम इंडिया में वापसी की आस लगाए वीरेंद्र सहवाग ने 59 रनों की आतिशी पारी खेली, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा।
इंदौर में खेले जा रहे एनकेपी साल्वे चैलेंजर सीरीज के शुरुआती मुकाबले में इंडिया ब्लू से मिले 271 रनों के जवाब में दिल्ली की पूरी टीम 47.5 ओवर में 252 रनों पर सिमट गई। इंडिया ब्लू ने यह मैच 18 रनों से जीत लिया।
इससे पहले, एकदिवसीय मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ब्लू ने 50 ओवर में छह विकेट पर 270 बनाए। उसकी ओर से अभिषेक नायर ने सर्वाधिक 91 रन बनाए। दिल्ली के लिए रजत भाटिया ने तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्रिकेट से छह हफ्ते के ब्रेक के बाद लौटे दिल्ली के कप्तान विराट कोहली भी नहीं चल पाए और महज पांच रन ही बना सके।
हालांकि वीरेंद्र सहवाग ने इस मैच में छोटी ही सही पर आतिशी पारी खेली। वह 59 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 38 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का भी लगाया। रजत भाटिया ने 65 रनों का योगदान दिया। हालांकि अंतिम ओवरों में आशीष नेहरा (नाबाद 37 रन, 1 चौका और 2 छक्का) ने आतिशी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने की कोशिश की पर वह नाकाम रहे।
इंडिया ब्लू की ओर से भुवनेश्वर कुमार और अंकित राजपूत ने 3-3 विकेट हासिल किए।
वीरू के लिए साख है टूर्नामेंट
वीरू को टीम इंडिया में वापसी के लिए यह टूर्नामेंट उनके अंतिम मौके के रूप में देखा जा रहा है। टीम इंडिया से दरकिनार किए जाने के बाद से नजफगढ़ के नवाब ने छह महीने से कोई भी प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट नहीं खेला है। यह उनका पहला अहम टूर्नामेंट है।
वीरेंद्र सहवाग को अगले महीने फर्स्ट क्लास मैचों में वेस्टइंडीज ए से भिड़ना है। उन्हें भारत ए टीम में वेस्ट इंडीज ए के खिलाफ तीन मैचों की चार दिवसीय मैचों की सीरीज के अंतिम दो मैच के लिए शामिल किया गया है।
टीम इंडिया से बाहर होने के बाद वीरेंद्र सहवाग ने चेन्नई स्थित एमआरएफ पेस एकेडमी गए थे।