चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय के शानदार शतक की बदौलत भारत ने दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया पर मजबूत पकड़ बना लिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 315 रन बना लिए हैं।
इस तरह भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर पहली पारी के आधार पर अब तक 74 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। चेतेश्वर पुजारा 162 और मुरली विजय 129 रन बनाकर नाबाद हैं।
मैच का फुल स्कोर कार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें।
सहवाग फिर फ्लॉप
ओपनर वीरेंद्र सहवाग एक बार फिर फ्लॉप रहे। सहवाग केवल 6 रन बनाकर पीटर सिडल के शिकार बन गए। इसके बाद दूसरे ओपनर मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। पहले और दूसरे सत्र में इन दोनों बल्लेबाजों ने सतर्कता के साथ अपनी पारी को बढ़ाया। इस दौरान दोनों ने अपने-अपने अर्द्घशतक पूरे किए।
चायकाल के बाद आक्रामक हुए मुरली, पुजारा
चायकाल के बाद दोनों युवा बल्लेबाजों ने खुलकर शॉट्स लगाने शुरू कर दिए और अपना-अपना शतक भी पूरा कर लिया। इसी सत्र में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी में बनाए 237 रनों के लक्ष्य को भी पीछे छोड़ दिया।
पुजारा ने 188 गेंदों में 14 चौकों की मदद से करियर का चौथा शतक जमाया। हैदराबाद की पिच पर यह पुजारा का दूसरा शतक है। कुछ देर बाद मुरली ने चौका जड़कर करियर का दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया। खास बात यह है कि मुरली ने दोनों शतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाए हैं।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दोनों बल्लेबाजों के बीच रिकॉर्ड 294 रनों की साझेदारी हो चुकी है। पुजारा 25 चौके और एक छक्का की मदद से 162 रनों पर नाबाद हैं। वहीं मुरली 17 चौके और दो छक्कों की मदद से 129 रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने 237/9 पर घोषित की पारी
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से माइकल क्लार्क ने सर्वाधिक 91 और मैथ्यू वेड ने 62 रन बनाए। इस पारी में भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार और रविंद्र जडेजा को 3-3 मिले। हरभजन सिंह को 2 और आर अश्विन को एक विकेट मिला।