श्रीलंकाई खिलाड़ियों के विवाद के चलते बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज पर संकट के बादल छा गए हैं। पड़ोसी देश श्रीलंका के 60 क्रिकेटरों ने भुगतान विवाद के चलते केंद्रीय अनुबंध पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया है।
अनुबंध पर हस्ताक्षर के लिए तय तीन मार्च की समयसीमा भी खत्म हो गई है।
श्रीलंका के खेल मंत्री महिंदानंदा अलुथगामगे ने कहा कि एसएलसी के साथ नया अनुबंध करने की समयसीमा स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह नौ बजे समाप्त हो गई और एक भी खिलाड़ी ने हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
खिलाड़ी श्रीलंका क्रिकेट के इस फैसले से नाराज हैं जिसके कारण उन्हें आईसीसी के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर मिलने वाली 25 फीसदी की गारंटी राशि से महरूम कर दिया गया है।
नए अनुबंध में कहा गया है कि श्रीलंकाई खिलाड़ी जब आईपीएल खेलने जाएंगे तो उस दौरान उनके राष्ट्रीय भुगतान में कटौती कर दी जाएगी।
खिलाड़ियों के पिछले अनुबंध 28 फरवरी को समाप्त हो गए और जिन खिलाड़ियों ने अनुबंध पर हस्ताक्षर से इनकार किया है उसमें 23 अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी शामिल हैं।
अलुथगामगे ने कहा कि इन 60 खिलाड़ियों में शामिल अधिकांश जूनियर खिलाड़ी समझौते के लिए तैयार हैं लेकिन सीनियर खिलाड़ी अपने रवैये पर बरकरार हैं।
उन्होंने कहा कि एसएलसी की वार्षिक आय का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा खिलाड़ियों को होने वाले भुगतान पर खर्च किया जाता है।