शेष भारत को उस समय बड़ा झटका लगा जब ईरानी ट्राफी मैच की शुरुआत से ठीक पहले पेट में गड़बड़ी के कारण टीम के कप्तान वीरेंद्र सहवाग को बाहर होना पड़ा। सहवाग की जगह अनुभवी आफ स्पिनर हरभजन सिंह अब टीम की कप्तानी संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 फरवरी से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज से पहले शुरू हुए इस मैच को खराब फार्म से जूझ रहे सहवाग के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। उनके पास खुद को साबित करने का अच्छा मौका था।
सहवाग के बाहर हो जाने के कारण शिखर धवन और मुरली विजय को मैच में ओपनिंग करने का सुनहरा मौका मिला है। उल्लेखनीय है कि रणजी चैंपियन मुंबई के कप्तान अजित अगरकर भी चोटिल हो गए थे जिसके कारण टीम की कप्तानी युवा आलराउंडर अभिषेक नायर को सौंपी गई।