पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के प्रतिद्वंद्विता वाले बयान पर सीधा जवाब नहीं दिया और इस सवाल को ही टाल गए। शाहीन का कहना है कि उनकी टीम का ध्यान एशिया कप जीतने पर है। दरअसल, सुपर चार चरण में पाकिस्तान को हराने के बाद सूर्यकुमार ने कहा था कि किसी प्रतिद्वंद्विता को वास्तविक मानने के लिए नतीजों का अंतर 12-3 नहीं होना चाहिए जो फिलहाल टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबालों में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत हार का रिकॉर्ड है।
फाइनल के लिए पाकिस्तान की उम्मीद कायम
पाकिस्तान ने सुपर चार के अपने दूसरे मुकाबले में श्रीलंका को हराकर फाइनल के लिए दरवाजे खुले रखे हैं। भारत और पाकिस्तान का सामना फाइनल में भी हो सकता है क्योंकि शीर्ष दो टीमें खिताबी मुकाबले में जगह बनाएंगी। शाहीन ने कहा, यह उसका अपना विचार है, उसे कहने दीजिए। जब हम (रविवार को संभावित एशिया कप फाइनल में) मिलेंगे तो देखेंगे कि क्या है, क्या नहीं। तब देख लेंगे। हम एशिया कप जीतने आए हैं और इसके लिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।
मैदान पर आक्रामकता को लेकर क्या बोले शाहीन?
भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब भारतीय टीम ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए मैच से पहले और बाद में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। इस हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी शामिल थे। पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय प्रशंसकों और प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों के प्रति आक्रामक रुख अपनाया और अफरीदी से पूछा गया कि क्या इस आक्रामकता की योजना हारिस राऊफ और साहिबजादा फरहान जैसे खिलाड़ियों ने बनाई थी। उन्होंने कहा, आक्रामक होने की कोई खास योजना नहीं है। हम हमेशा से ही आक्रामक रहे हैं। क्रिकेट इसी तरह खेला जाता है और टीम का मनोबल ऊंचा रखा जाता है।
यह पूछे जाने पर कि क्या टीम फाइनल में संभावित भारत-पाक मुकाबले पर भी चर्चा कर रही है? शाहीन ने कहा, हम अभी फाइनल में नहीं पहुंचे हैं, जब पहुंचेंगे तब इस बारे में सोचेंगे।