ऑस्ट्रेलिया ने बेजोड़ शुरुआत के दम पर पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को जोरदार जवाब दिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 113 रन बना लिए थे। खास बात यह रही कि कंगारू बल्लेबाजों ने महज 31 ओवरों में यह रन बना डाले। ऑस्ट्रेलिया अभी पाकिस्तान से 341 रन पीछे है।
स्टंप्स के समय क्रिस रोगर्स (31) और डेविड वॉर्नर (75) खेल रहे थे। वॉर्नर ने वनडे के अंदाज में बल्लेबाजी की और 77 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 75 रनों की पारी खेल डाली। इससे पहले पाकिस्तान ने 2 साहसिक शतकों के दम पर 454 रनों का स्कोर खड़ा किया।
बड़ी पारी खेलने के मास्टर बन रहे सरफराज
पाकिस्तान ने खेल के दूसरे दिन की शुरुआत अपने 4 विकेट पर 219 रन से आगे की। कल के नाबाद बल्लेबाज कप्तान मिस्बाह उल हक (69) ने अपनी पारी को अर्धशतक में बदला। वह 69 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि उन्होंने आउट होने से पहले पांचवें विकेट के लिए असद शफीक के साथ 93 रनों की साझेदारी की। शफीक ने भी 89 रन बनाए।
मिस्बाह के आउट होने के बाद शफीक का साथ देने क्रीज पर आए विकेटकीपर-बल्लेबाज सरफराज अहमद ने आतिशी पारी खेलते हुए पाक की रन गति को तेज कर दिया। उन्होंने महज 80 गेंदों में शतक ठोक दिया। किसी विकेटकीपर का टेस्ट क्रिकेट में यह दूसरा सबसे तेज शतक है। सरफराज ने शफीक के साथ 123 रनों की साझेदारी की।
सरफराज लगातार पांचवीं पारी में 50 से ज्यादा का स्कोर किया है। वह लगातार पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी से महज 2 पारी दूर हैं। जबकि पाकिस्तानी रिकॉर्ड लगातार 6 पारी खेलने का है जो जहीर अब्बास, मोहम्मद यूसुफ और मिस्बाह उल हक के नाम दर्ज है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड 4 बल्लेबाजों के नाम लगातार 7 पारियों में 50 या उससे ज्यादा का स्कोर करने का है, इनमें एंडी फ्लावर, एवर्टन विक्स, शिवनारायन चंद्रपॉल और कुमार संगकारा शामिल हैं।
पहले दिन यूनुस ने लगाया था शतक
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल जॉनसन ने तीन विकेट लिए जबकि स्टीव ओ कैफे और नाथन ल्योन को 2-2 सफलता मिली। पाकिस्तान की ओर से पहली पारी में 2 शतक लगे और इसके अलावा 3 अर्धशतक भी लगे। पाक बललेबाज जुल्फिकार बाबर (7) रिटायर्ड हर्ट हो गए।
इस मैच में पाकिस्तान की पारी में सरफराज से पहले युनूस खान ने भी शतक लगाया था। युनूस ने 106 रनों का योगदान दिया। पुछल्ले बल्लेबाज सरफराज का साथ नहीं दे सके। एक समय टीम के पास 500 रन के आंकड़े को पार करने मौका था। पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 415 रन था लेकिन शेष बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके। पूरी टीम चायकाल से पहले 454 रन पर आउट हो गई।
इससे पहले मैच के पहले दिन यूनुस खान ने 106 रन की शानदार पारी खेल टीम का स्कोर 4 विकेट पर 219 रन तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान के 2 विकेट मात्र 7 रन पर ही गिर गए। अपने करियर का 92वां टेस्ट खेल रहे यूनुस का 25वां टेस्ट शतक है।
ऐसे में यूनुस ने पहले अजहर अली के साथ 118 और फिर कप्तान मिस्बाह उल हक के साथ चौथे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया। अजहर 53 रन बनाकर आउट हुए जबकि मिस्बाह 34 रन बनाकर खेल रहे थे।