मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान का बड़ौदा के खिलाफ 11 अक्तूबर से होने वाले रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में खेलना मुश्किल है। ईरानी कप में मुंबई को मिली जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सरफराज राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में हैं। मुंबई के चयनकर्ताओं ने पहले दो मैचों के लिए टीम का चयन किया है। मुंबई को 18 अक्तूबर को महाराष्ट्र के खिलाफ मैच खेलना है और उस दौरान भारत-न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच 16 अक्तूबर से होगी सीरीज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्तूबर से बेंगलुरु में खेला जाएगा। माना जा रहा है कि इस सीरीज के लिए सरफराज टीम में अपनी जगह बरकरार रखेंगे। ऐसे में उनका रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में खेलना मुश्किल होगा। मालूम हो कि सरफराज का बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई थी, लेकिन उन्हें दोनों ही मैचों में प्लेइंग-11 में खेलने का मौका नहीं मिला था।
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए अब तक घोषित नहीं हुई टीम
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारत ने अब तक टीम घोषित नहीं की है। भारतीय टीम फिलहाल बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। सरफराज ने शेष भारत के खिलाफ पिछले सप्ताह खेले गए ईरानी कप की पहली पारी में दोहरा शतक जड़ा था और अपनी क्षमता साबित की थी। 26 साल 346 दिन की उम्र में सरफराज ईरानी कप में दोहरा शतक जड़ने वाले चौथे युवा बल्लेबाज बन गए थे। वह मुंबई के पहले बल्लेबाज थे जिन्होंने ईरानी कप में यह कारनामा किया था।
सरफराज इसके साथ ही ईरानी कप में मुंबई की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए थे। उन्होंने इस मामले में रामनाथ पारकर को पीछे छोड़ दिया था जिन्होंने 1972 में 195 रनों की पारी खेली थी। सरफराज प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 15 शतक लगा चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में अपना प्रभाव लगातार छोड़ रहे हैं। सरफराज से आगे उनके टीम के साथी यशस्वी जायसवाल हैं जिन्होंने 21 साल 63 दिन की उम्र में ईरानी कप में दोहरा शतक जड़ा था। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा ईरानी कप में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक जड़ने के मामले में प्रवीण आमरे (22 साल 80 दिन) और गुंडप्पा विश्वनाथ (25 साल 255 दिन) जैसे बल्लेबाज शामिल हैं।
मुंबई की टीम इस प्रकार है...
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), पृथ्वी शॉ, आयुष म्हात्रे, अंगकृष रघुवंशी, श्रेयस अय्यर, सिद्धेश लाड, सूर्यांश शेडगे, हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), सिद्धांत अद्धतराव (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, हिमांशु सिंह, शार्दुल ठाकुर, मोहित अवस्थी , मो जुनेद खान, रॉयस्टन डायस।