इंग्लैंड दौरे से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन इंडिया ए में जगह बनाने से चूक गए थे। यो-यो टेस्ट में फेल होने की वजह से संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिल पाई थी। हालांकि इस खिलाड़ी ने धमाकेदार वापसी करते हुए 17.3 का स्कोर के साथ सफलतापूर्वक यो-यो टेस्ट पास कर लिया है।
इसकी जानकारी खुद संजू सैमसन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी है। पिछली बार इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले हुए टेस्ट में 15.6 का स्कोर ही कर पाए थे और मानक 16.1 के स्कोर से पीछे रहने की वजह से उनको टीम से बाहर कर दिया गया था।
पिछली बार योयो टेस्ट में फेल होने वाले सैमसन ने अपने इंस्टाग्राम पर बताया कि 17.3 के शानदार स्कोर के साथ उन्होंने यो-यो टेस्ट पास कर लिया है। चार हफ्तों की कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने यह किया। संजू को सपोर्ट करने के लिए उन्होंने सभी फैंस का शुक्रिया अदा भी किया।
भारतीय क्रिकेट में पिछले दिनों यो-यो टेस्ट को लेकर काफी बहस हुई। टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने इंग्लैंड दौरे पर रवाना होने पहले साफ किया था कि टेस्ट पास करने वाले को ही भारत के लिए मैदान पर उतरने का मौका मिलेगा। टीम मैनेजमेंट ने भारत की तरफ से खेलने के लिए यो-यो टेस्ट में कम से कम 16.1 स्कोर मानक रखा है। इससे पहले अम्बाती रायडू और मोहम्मद शमी भी यो-यो टेस्ट में फेल होने की वजह से चयन के बाद टीम से बाहर हो चुके हैं।