महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी धोनी
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम के लिए खेलना और अच्छा प्रदर्शन करना हर भारतीय क्रिकेटर का सपना होता है। धोनी, सचिन और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों ने इस सपने को असल जिंदगी में जिया है, लेकिन यह जीवन इतना भी आसान नहीं है। धोनी की पत्नी साक्षी ने इस बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने बताया है कि धोनी जैसे बड़े क्रिकेटर के साथ शादी करने में क्या नुकसान हैं। साक्षी ने यह भी बताया कि माही के साथ शादी करने का बाद उन्हें किस परेशानी का सामना करना पड़ा है। हालांकि, साक्षी अकेली नहीं हैं, जिन्हें यह सब देखना पड़ा है। बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी विराट की पत्नी होने की वजह से कई बार ट्रोल हो चुकी हैं।
साक्षी ने बताया है कि किस तरह से एक बड़े क्रिकेटर की सफलता, लोकप्रियता और खराब प्रदर्शन उनके निजी जीवन पर गहरा असर छोड़ता है। धोनी और साक्षी भारत के सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक हैं। इनकी शादी से लेकर, सालगिरह, जन्मदिन और माता-पिता बनना सब कुछ फैंस के बीच चर्चा का विषय होता है। साक्षी ने कहा है कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में शामिल धोनी के साथ शादी करना आसान नहीं है।
चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ बातचीत में साक्षी ने किया खुलासा
धोनी की आईपीएल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ बातचीत में साक्षी ने बताया कि किसी बड़े क्रिकेटर के साथ शादी करने पर आपको हालातों के साथ सामंजस्य बिठाना पड़ता है। यह एक आम आदमी के साथ शादी करने से पूरी तरह अलग है। उन्होंने कहा कि आपको उनके अनुसार बदलना पड़ता है और वैसा बनना पड़ता है, जैसी वो आपसे उम्मीद करते हैं। साक्षी ने यह भी बताया कि लोग आपके बारे में तरह-तरह की टिप्पणी करते हैं और आपके पास कोई निजी जीवन नहीं होता।
साक्षी ने कहा "आपके पास निजी समय कम होता है और आप कैमरे के सामने वैसे नहीं रह सकते, जैसे आप आमतौर पर रहते हैं। कुछ लोग कैमरे के सामने सहज होते हैं कुछ नहीं होते।" साक्षी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर चेन्नई की टीम के लिए बात की थी। इस दौरान बाकी खिलाड़ियों की पत्नियां भी मौजूद थीं। इस दौरान सभी खिलाड़ियों की पत्नियों ने उनके बारे में कुछ राज खोले।