दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कोरोना वायरस से बचने के लिए देशवासियों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सचिन ने ट्विटर पर लिखा, 'एक नागरिक के तौर पर हमारी कुछ जिम्मेदारियां हैं। हम कुछ आसान से कदमों का पालन कर कोरोना वायरस (कोविड-19) को दूर रख सकते हैं। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि बुनियादी बातों का ख्याल रखें, ताकि हम सब सुरक्षित रहें।'
इससे पहले, भारतीय ओपनर रोहित शर्मा और कप्तान विराट कोहली ने भी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को लेकर चिंता जाहिर की और देशवासियों को सतर्क रहने को कहा।
रोहित ने कहा,‘पिछले कुछ सप्ताह हमारे लिए काफी मुश्किल रहे हैं। पूरा विश्व इस समय ठहर-सा गया है, जो काफी बुरा है। हम आम राह पर वापस आएं उसके लिए जरूरी है कि हम सभी एक होकर इस बीमारी से लड़े और यह हम थोड़ा सतर्क और सावधान रहकर, अपने आस-पास की जानकरी रखकर कर सकते हैं।’