अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 34,000 से ज्यादा रन बनाने वाले तेंदुलकर का मानना हैं कि अश्विन और जडेजा दोनों को इंग्लैंड के ठंडे मौसम और हवा की स्थिति का फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड में स्पिनर हवा से भी मदद हासिल कर सकता है। अगर गेंद की चमक बरकरार रही तो वह दोनों तरफ घूम सकती है।' उन्होंने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल को भी सुझाव दिए। उन्होंने कहा, 'दोनों को बल्ले को अपने शरीर के करीब रख कर खेलना होगा। शॉट खेलने के लिए बल्ला उठाते समय आपके हाथों को आपके शरीर के जितना संभव हो उतना करीब होना चाहिए।'
तेंदुलकर ने कहा कि दोनों टीमों की गेंदबाजी में एक जैसी मजबूती है लेकिन इंग्लैंड में डब्ल्यूटीसी फाइनल से पहले दो टेस्ट मैच खेलने के कारण न्यूजीलैंड की टीम बेहतर स्थिति में होगी। उन्होंने कहा, 'न्यूजीलैंड की गेंदबाजी में विविधता है। टिम साउदी दाएं हाथ के बल्लेबाजों से गेंद को बाहर की तरफ निकालते है तो वही ट्रेंट बोल्ट गेंद को अंदर की तरफ लाते है। काइल जैमीसन तेजी से टप्पा खिलाते है तो नील वेगनर शॉट पिच गेंदों का शानदार इस्तेमाल करते है।'