लंबे समय बाद शनिवार को मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग की ओपनिंग जोड़ी फिर क्रिकेट मैदान में देखने को मिलेगी। इतना ही नहीं सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण और अजीत अगरकर जैसे भारतीय दिग्गज सभी क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे।
भारतीय दिग्गजों के अलावा विदेशी दिग्गजों में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग, कैरिबियाई सुपरस्टार ब्रॉयन लारा, श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा और पूर्व इंग्लिश कप्तान मॉइकल वॉ समेत कई महान क्रिकेटर भी होंगे। तेंदुलकर के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वार्न और 28 खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे।
दरअसल, भारत के दिग्गज क्रिकेटर सचिन क्रिकेट को वैश्विक खेल बनाने की कवायद में शनिवार से शुरू हो रही तीन मैचों की पहली ऑल स्टार्स सीरीज पहली बार अमेरिका में खेलेंगे। तेंदुलकर ने सिटी फील्ड पर खेले जाने वाले सीरीज के पहले में पूर्व संध्या पर कहा, हमारा मकसद क्रिकेट को वैश्विक बनाना है। हम यहां युवाओं और महिला क्रिकेटरों को प्रेरित करने आए हैं जो अभ्यास सत्रों में हमारी मदद करेंगे।
क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने की कवायद
सचिन तेंदुलकर ने कहा कि करीब 1000 उदीयमान क्रिकेटर मैच देखने के लिए दर्शक दीर्घाओं में उपस्थित होंगे और अपने पसंदीदा क्रिकेटरों से कुछ सीख सकेंगे। सीरीज में भाग ले रहे क्रिकेटर युवाओं और अन्य खिलाड़ियों से बात भी करेंगे। उन्होंने कहा, हम यहां आपका मार्गदर्शन और हौसलाअफजाई करने आए हैं। ताली दोनों हाथों से बजती है। हमने हाथ उठा दिया है और सारे खिलाड़ी आपके साथ हैं, अब आपको हाथ बढ़ाना है।
सचिन को उम्मीद है कि इस सीरीज के जरिए क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने की मुहिम में मदद मिलेगी। इस माह आईसीसी स्विटजरलैंड में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति से मिलकर 2024 ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल करने की संभावना पर बात करेगी। वर्ष 1900 में ओलिंपक में ब्रिटेन और फ्रांस के बीच इकलौता क्रिकेट मैच खेला गया था।
सचिन ने आगे कहा, "संन्यास के बाद बल्ला उठाने का मकसद क्रिकेट का वैश्वीकरण है। यह मेरा और वार्न का सपना है। हम चाहते हैं कि एक दिन अमेरिका की टीम विश्व कप में हिस्सा ले। सभी क्रिकेटर चाहते हैं कि क्रिकेट ओलंपिक का हिस्सा बने। यह एक शुरुआत हो सकती है।"
क्रिकेट सीरीज से पहले सचिन ने बजाई घंटी
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज की ओपनिंग घंटी बजाई। दुनिया के सबसे बड़े स्टाक एक्सचेंज में यह रस्म अदा करने वाले वह पहले क्रिकेटर हैं।
सचिन ने न्यूयॉर्क समयानुसार सुबह साढ़े नौ बजे घंटी बजाई। इसके साथ ही न्यूयॉर्क स्टाक एक्सचेंज में व्यापार की शुरुआत हुई। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वार्न भी उनके साथ मौजूद थे।
तेंदुलकर और वार्न अमेरिका में होनी वाली पहली क्रिकेट ऑल स्टार्स सीरीज के कप्तान हैं। इस सीरीज का आगाज शनिवार को न्यूयॉर्क सिटी स्थित सिटी फील्ड्स में विशेष उद्घघाटन समारोह के साथ होगा।
ये होगी टीम
सचिन ब्लास्टर्स: सचिन तेंदुलकर (कप्तान), वीवीएस लक्ष्मण, सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, ब्रायन लारा, महेला जयवर्द्धने, कार्ल हूपर, लांस क्लूजनर, शान पोलाक, मोइन खान, ग्रीम स्मिथ, ग्लेन मैक्ग्रा, मुथैया मुरलीधरन, शोएब अख्तर और कर्टली एंब्रोज।
वार्न वॉरियर्सः शेन वार्न (कप्तान), मैथ्यू हेडन, रिकी पोंटिंग, माइकल वॉन, जैक्स कैलिस, कुमार संगकारा, एंड्रयू साइमंडस, जोंटी रोड्स, सकलैन मुश्ताक, वसीम अकरम, डेनियल विटोरी, कर्टनी वाल्श, एलेन डोनाल्ड और अजित अगरकर।