ईरानी ट्रॉफी मुकाबले में शेष भारत के खिलाफ खेलते हुए मुंबई की तरफ से मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने शानदार नाबाद शतक लगाया है। सचिन 140 रन बनाकर नाबाद रहे। सचिन की यह पारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले टीम इंडिया के लिए अच्छे संकेत हैं। सचिन ने अपनी इस पारी में अब तक 18 चौके और 2 छक्के लगाए हैं।
इससे पहले शेष भारत ने पहली पारी में मुरली विजय (116) और सुरेश रैना के 134 रनों की बदौलत 526 रनों का विशाल स्कोर मुंबई के सामने रखा है। शेष भारत के 526 रनों के जवाब में मुबई की टीम पहली पारी में सचिन के नाबाद 140 रनों की बदौलत 409 रन बनाने में कामयाब रही। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक शेष भारत ने दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 27 रन बना लिए थे।
रैना का टीम में वापसी का दावा
सुरेश रैना ने धमाकेदार शतक ठोककर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के लिए अपना दावा ठोक दिया। रैना ने मैच के दूसरे दिन 169 गेंद में 14 चौकों और पांच छक्कों के साथ 134 रन की बेहतरीन पारी खेली।
रैना के प्रथम श्रेणी कैरियर का यह 11वां शतक है। उनकी इस पारी से शेष भारत ने पहली पारी में 526 रन का विशाल स्कोर बनाया। मैच के पहले दिन ओपनर मुरली विजय ने भी 116 रन की शानदार पारी खेलकर अपना मजबूत दावेदारी पेश की थी। ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज के कारण चयनकर्ताओं की इस मैच पर कड़ी नजर हैं। ऐसे में सभी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं का ध्यान खींचना चाहते हैं।