मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर कोलकाता पहुंच चुके हैं जहां वह अंतिम बार ईडेन गार्डंस में खेलने उतरेंगे।
तेंदुलकर इस महीने वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। भारत और वेस्ट इंडीज के बीच सीरीज का पहला मैच कोलकाता में छह नवंबर से खेला जाना है।
तेंदुलकर दुनिया के एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्होंने ऐतिहासिक ईडेन गार्डंस पर 25 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इनमें 12 टेस्ट और 13 वनडे मैच शामिल हैं।
ईडेन गार्डंस तेंदुलकर का पसंदीदा मैदान रहा है और वह रविवार को दिवाली के दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे।
24 साल के अपने बेमिसाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर करियर के बाद तेंदुलकर अब क्रिकेट छोड़ रहे हैं ऐसे में प्रशंसक 'क्रिकेट के भगवान' को जोरदार विदाई देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।