हाशिम अमला के शानदार शतक के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को दूसरे वनडे में भी हराते हुए वनडे सीरीज पर कब्जा जमा लिया है।
माउंट मौनगौनी में खेले गए दूसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने मेजबान टीम को 72 रनों से हरा दिया। सीरीज में अजेय बढ़त लेने के बाद अफ्रीकी टीम अब सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 282 रन बनाए। अफ्रीकी टीम की ओर से ओपनर हाशिम अमला ने 15 चौके की मदद से शानदार शतक लगाया।
अमला के वनडे करियर का 15वां शतक है। अमला के अलावा फैफ डु प्लेसिस ने 67 रनों की पारी खेली। उनके शतक के दम पर एक समय अफ्रीकी टीम 300 रनों के पार जाते दिख रही थी। लेकिन उसने 25 रनों के अंदर 6 विकेट गंवा देने से टीम 282 रनों पर रूक गई।
रोंची ने लगातार दूसरे मैच में 10वें विकेट के लिए बनाया रिकॉर्ड
जवाब में न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत नहीं मिली और 29 रन पर 2 विकेट गंवा दिया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से किवी टीम संकट से उबर ही नहीं सकी और पूरी टीम 46.3 ओवर में ही आउट हो गई।
उसकी ओर से ल्युक रोंची 79 रन बनाकर आउट हुए। रोंची ही एकमात्र बल्लेबाज हैं जो अफ्रीकी गेंदबाजों का डटकर सामना कर पा रहे हैं। पहले मैच में वह शतक से चूक गए थे और उन्होंने 99 रनों की पारी खेली थी।
पिछले मैच की तरह इस मैच में भी रोंची ने 10वें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। उन्होंने मिचेल मैक्लेघन के साथ 10वें विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी की। इस बार भी वह अंतिम विकेट के रूप में आउट हुए।
पहले वनडे में रोंची ने ट्रेंट बोल्ट के साथ 10वें विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की थी। 10वें विकेट के लिए यह न्यूजीलेंड की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है।
एक मैच में 8 गेंदबाजों ने झटके 2-2 विकेट
इस वनडे मैच में एक गजब का वाकया हुआ। कुल 8 गेंदबाजों ने 2-2 के हिसाब से विकेट झटके और वह भी दोनों टीमों की ओर से 4-4 गेंदबाजों ने।
पहले किवी टीम की ओर से तेज गेंदबाज ट्रेंट बेल्ट के अलावा टिम साउदी, मिचेल मैक्लेघन और कोरी एंडरसन ने 2-2 विकेट झटके।
न्यूजीलैंड टीम की तरह दक्षिण अफ्रीका के भी 4 गेंदबाजों ने 2-2 विकेट झटके। उसकी ओर से तेज गेंदबाज डेल स्टेन, वाएने फिलेंडर, कप्तान एबी डीविलियर्स और इमरान ताहिर ने 2-2 विकेट निकाले। कभी टीम के खास विकेटकीपर रहे ने डीविलियर्स भी इस मैच में गेंदबाजी की और 2 विकेट झटके।