फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीका ने हासिल किया 329 रनों का लक्ष्य

Wed, 27 Aug 2014 09:51 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
त्रिकोणीय सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार दूसरी बार सवा तीन सौ से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया लेकिन इस बार उसे वो सफलता नहीं मिली जो उसे पिछले मैच में मिली थी।
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया ने पिछले मैच में जिंबाब्वे के खिलाफ 350 रन बनाए थे और इसके बाद मेजबान टीम को महज 152 रनों पर समेट कर 198 रनों से जोरदार जीत हासिल की थी।

लेकिन सीरीज में अपने दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका से ऐसी चुनौती मिली कि 329 रनों का बड़ा लक्ष्य देने के बाद भी मैच बचा नहीं पाया। दक्षिण अफ्रीका ने गजब का खेल दिखाते हुए कंगारू टीम से 20 गेंद शेष रहते 7 विकेट से यह मैच जीत लिया। अफ्रीकी टीम का सीरीज में यह पहला मैच था और वह भी जीत से शुरुआत करने में सफल रहा।

फिंच के शतक और 300 के पार पहुंचा ऑस्ट्रेलिया

टॉस जीतने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्‍लेबाजी का न्योता दिया लेकिन ऐरोन फिंच (102 रन, 116 गेंद) और फिल ह्यूज ने उनके फैसले को गलत साबित कर दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 18.2 ओवर में 92 रनों की साझेदारी कर डाली। ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट ह्यूज के रूप में गिरा, जो 51 रन के निजी स्कोर पर इमरान ताहिर की गेंद पर कैच आउट हो गए‍।

अफ्रीकी टीम को दूसरी सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा और मिचेल मॉर्श (5) को ताहिर ने ही पवेलियन की राह दिखाई। लेकिन इसके बाद फिंच ने कप्‍तान जॉर्ज बैली के सा‌थ तीसरे विकेट के लिए 114 रनों की तूफानी साझेदारी करके अफ्रीकी टीम को खूब परेशान किया। लेकिन शतक लगाने के तुरंत बाद फिंच 102 रनों के निजी स्कोर पर रेयान मैक्लॉरेन की गेंद आउट हो गए।

फिंच के शतक के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने 39 ओवर में ही 229 रन बना लिए थे, लेकिन बीच में कुछ विकेट गंवाने से टीम साढ़े तीन सौ के पार नहीं पहुंच सकी। फिंच के बाद बैली भी 66 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि अंतिम ओवरों में मिचेल जॉनसन (नाबाद 23 रन, 8 गेंद, 1 चौका और 2 छक्‍का) की तूफानी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया 50 ओवर में 327 रन बनाने में सफल रहा। अफ्रीका की ओर से डेल स्टेन के 1 विकेट के अलावा मोर्ने मोर्कल, रेयान मैक्लॉरेन और इमरान ताहिर ने 2-2 सफलता हासिल की।
विज्ञापन

रिकॉर्डतोड़ साझेदारी ने दिलाई रोमांचक जीत

मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने सधी शुरुआत की और 7 ओवर में 40 से ज्यादा रन बना लिए। हाशिम अमला महज 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद दूसरे ओपनर क्विंटन डी कॉक (19) भी पवेलियन लौट गए।

51 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद फैफ डु प्लेसिस (106) ने कप्तान एबी डीविलियर्स (नाबाद 136) के साथ तीसरे विकेट के लिए धुआंधार बल्‍लेबाजी करते हुए 206 रनों की साझेदारी की। दोनों बल्‍लेबाजों ने अपने-अपने शतक भी लगाए।

कप्तान डीविलियर्स ज्यादा आक्रामक रहे और उन्होंने महज 82 गेंदों में शतक ठोक दिया, जबकि प्लेसिस ने शतक ठोकने के लिए 95 गेंदें खेली। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने इस साझेदारी को तोड़ने की काफी कोशिश की लेकिन जल्द उन्हें सफलता नहीं मिली। तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क ने 38वें ओवर में प्लेसिस को आउट कर टीम को यह सफलता दिलाई लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

अफ्रीकी कप्तान ने जेपी डुमिन‌ि (नाबाद 33) के साथ चौथे विकेट के लिए 8.4 ओवर में अविजित 71 रनों की साझेदारी कर टीम को 20 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। स्टॉर्क को 2 सफलता मिली।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें