अनुशासनहीनता और मारपीट के कई आरोपों का सामना करने वाले न्यूजीलैंड के क्रिकेटर जेसी राइडर पर एक नए मामले में छह महीने का प्रतिबंध लगाया गया है।
राइडर पर यह पाबंदी मार्च में एक डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद लगाया गया है। वह बैन की समयसीमा खत्म होने के बाद 19 अक्टूबर के बाद क्रिकेट के मैदान पर लौट सकते हैं।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का डोप टेस्ट 24 मार्च को विलिंगटन में फोर्ड ट्रॉफी के दौरान हुआ था। उन पर स्पोर्ट्स में प्रतिबंधित कई दवाओं के सेवन के आरोप लगे हैं।
राइडर को इस महीने की शुरुआत में न्यूजीलैंड खेल प्राधिकरण के समक्ष पेश होने से पहले प्रतिबंध के बारे में 12 अप्रैल को बता दिया गया गया था।
राइडर ने जिन दवाओं का सेवन किया था उसके कारण उन पर दो साल तक का बैन लग सकता था। लेकिन उन्होंने बहुत कम मात्रा में दवा का सेवन किया, जो उनके प्रदर्शन को बेहतर करने के लिए काफी नहीं था।
साथ ही उन्होंने यह भी बताया था कि इन दवाओं का उपयोग वजन कम करने के लिए किया था। इस बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के लिए अब तक 18 टेस्ट और 39 वनडे मैच खेले हैं।
साल की शुरुआत में क्राइस्टचर्च में एक बार के बाहर उनका कुछ लोगों से झगड़ा हो गया था, जिस कारण वह दो दिन तक कोमा में रहे। इससे पहले भी वह अनुशासन तोड़ने के कारण बैन झेल चुके हैं।