फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BCCI: श्रीलंका दौरे से पहले बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला, कोचिंग स्टाफ से इन दो लोगों की छुट्टी; क्या रहा कारण?

Tue, 28 Jul 2026 07:45 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सहायक कोच रेयान टेन डस्काटे और फील्डिंग कोच टी. दिलीप को कार्यकाल विस्तार नहीं देने का फैसला किया है। श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय ड्रेसिंग रूम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
विज्ञापन
सैकिया और डस्काटे - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत को अगले महीने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा करना है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बड़ा फैसला लिया है। टीम के सहायक कोच रेयान टेन डस्काटे और फील्डिंग कोच टी. दिलीप का करार नहीं बढ़ाया गया है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि डस्काटे और दिलीप के अनुबंध समाप्त हो गए हैं और इन्हें विस्तार नहीं दिया जा रहा है। 
विज्ञापन

फील्डिंग कोच की तलाश जारी
बीसीसीआई ने साफ किया है कि इन दोनों में से किसी भी कोच को उनके कार्यकाल में कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा। टी दिलीप के हटने के बाद अब भारतीय टीम के लिए नए फील्डिंग कोच की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी दी है कि बोर्ड भारतीय पुरुष टीम के लिए एक नया फील्डिंग कोच फाइनल करने के लिए फिलहाल दो या तीन नामों पर विचार कर रहा है और उनसे बातचीत चल रही है।

भारतीय टीम के प्रदर्शन की हुई समीक्षा?
भारत के टी20 विश्व कप 2024 जीतने के बाद जब गौतम गंभीर ने राहुल द्रविड़ की जगह मुख्य कोच का पद संभाला, तब डस्काटे भारतीय सपोर्ट स्टाफ में शामिल हुए थे। गंभीर के भरोसेमंद साथियों में से एक माने जाने वाले इस पूर्व ऑलराउंडर ने टीम के कोचिंग ग्रुप के हिस्से के तौर पर बल्लेबाजी और फील्डिंग दोनों विभाग में योगदान देते हुए सेटअप के कई क्षेत्रों में काम किया। हाल ही में भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज गंवानी पड़ी थी और इससे बीसीसीआई पर दबाव आया था। अब डस्काटे और दिलीप का कार्यकाल नहीं बढ़ाने के बाद इस चर्चा ने जोर पकड़ा है कि क्या बोर्ड ने टीम के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद ये फैसला लिया है?

केकेआर में हो सकती है डस्काटे की वापसी
नीदरलैंड्स के पूर्व कप्तान डस्काटे के एक बार फिर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से जुड़ने की उम्मीद है, जहां वह कोचिंग स्टाफ में नई भूमिका निभाते नजर आएंगे। बतौर खिलाड़ी वह केकेआर की उन टीमों का हिस्सा थे, जिन्होंने 2012 और 2014 का खिताब अपने नाम किया था। बाद में 2022 में वह फील्डिंग कोच के तौर पर इस फ्रेंचाइजी में लौटे। वह 2024 तक कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे। इस दौरान मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित और मेंटर गौतम गंभीर की देखरेख में टीम ने एक और चैंपियनशिप जीती। कोलकाता फ्रेंचाइजी में उनकी संभावित वापसी के साथ ही डस्काटे की अभिषेक नायर के साथ फिर से जोड़ी बनेगी। दोनों इससे पहले केकेआर में सहायक कोच के रूप में साथ काम कर चुके हैं।
विज्ञापन

कौन है दौड़ में शामिल
सूत्रों के अनुसार भारत की महिला टीम और भारत-ए के पूर्व सहयोगी सदस्य शुभदीप घोष इस पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं और उनके टी. दिलीप तथा डस्काटे की जगह लेने की संभावना है। सैकिया ने कहा, सहायक कोच डस्काटे का भारतीय पुरुष टीम के साथ दो वर्ष का अनुबंध 10 जून को समाप्त हो गया था तो वहीं एक वर्ष का विस्तार पाने वाले फील्डिंग कोच टी. दिलीप का अनुबंध आठ जून को खत्म हो गया। बीसीसीआई ने दोनों को भारत के ब्रिटेन दौरे के समाप्त होने तक टीम के साथ बनाए रखा। लेकिन अब उनके अनुबंध में कोई और विस्तार नहीं दिया जा रहा है। चूंकि उनका अनुबंध समाप्त हो चुका है, इसलिए इस्तीफा स्वीकार करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता।

सैकिया ने किसी नाम का जिक्र किए बिना कहा, हम फिलहाल दो-तीन उम्मीदवारों से बातचीत कर रहे हैं और उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में फैसला हो जाएगा। श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के साथ नया फील्डिंग कोच होगा। असम के शुभदीप घोष राहुल द्रविड़ के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) कार्यकाल से पिछले छह-सात वर्षों से भारतीय क्रिकेट व्यवस्था का हिस्सा रहे हैं। वह इस पद के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

मालूम हो कि डस्काटे स्वयं भी पद छोड़ना चाहते थे। उन्हें मुख्य कोच गौतम गंभीर के आग्रह पर टीम से जोड़ा गया था और उस समय उन्हें फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी दिए जाने का आश्वासन मिला था। लेकिन पिछले दो वर्षों में उन्हें कोई स्पष्ट भूमिका नहीं सौंपी गई। दिलीप को इंग्लैंड में 2025 की टेस्ट सीरीज से पहले एक सीनियर खिलाड़ी के आग्रह पर एक वर्ष का विस्तार मिला था। उनके प्रदर्शन से हालांकि टीम प्रबंधन संतुष्ट नहीं था। आयरलैंड और इंग्लैंड में सीमित ओवरों के दौरे में टीम के खराब क्षेत्ररक्षण के बाद उनके अनुबंध को आगे बढ़ाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई थी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें