अभिनत्री से रेप के आरोप में जेल में बंद बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ी रुबेल हुसैन को ढाका की एक अदालत से जमानत दे दी है। जमानत मिलने के साथ ही रुबेल आईसीसी वर्ल्ड कप में रुबेल के खेलने का रास्ता साफ हो गया।
इससे पहले मॉडल/अभिनेत्री नाजनीन अख्तर हैप्पी द्वारा दर्ज कराए गए मामले पर ढाका के महानगर दंडाधिकारी की अदालत ने रुबेल की याचिका खारिज कर दी थी। महानगर सत्र अदालत के न्यायाधीश इमरूल कायस ने सुनवाई के बाद रुबेल को पुलिस द्वारा मामले में आरोपपत्र दाखिल करने तक जमानत दे दी।
हैप्पी ने पिछले वर्ष 13 दिसंबर को रुबेल के खिलाफ महिला अत्यचार अधिनियम, 2014 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया था, जिसमें रुबेल पर विवाह का झूठा वादा करने और शारीरिक संबंध स्थापित करने का आरोप लगाया।
रुबेल को इस मामले में 15 दिसंबर को चार सप्ताह की अग्रिम जमानत भी मिल गई थी। लेकिन 8 जनवरी को महानगर दंडाधिकारी ने उनकी जमानत अवधि बढ़ाने की याजिका खारिज कर दी और जेल भेज दिया।
रुबेल का आरोप है कि हैप्पी उन्हें ब्लैकमेल कर रही हैं। हैप्पी ने पांच जनवरी को अदालत में एक और याचिका दायर कर रुबेल को बांग्लादेश की आईसीसी विश्व कप टीम से निकाले जाने की मांग की है।
रुबेल बांग्लादेश टीम में अभी सबसे सफल गेंदबाज हैं। रुबेल को वर्ल्ड कप में काफी पहले ही टीम में शामिल किया गया था। लेकिन रुबेल के जेल जाने के बाद टीम और क्रिकेट बोर्ड को धक्का लगा था। लेकिन अब जमानत मिलने पर रुबेल की ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाने की राह खुल गई है।