कोलकाता में एलिमिनेटर मैच बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हुआ था। दूसरे क्वालीफायर मैच में भी बारिश खलल डाल सकती है, लेकिन इसकी संभावना कम है। हालांकि, तापमान और नमी बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम के लिए समस्या बन सकते हैं।
राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें आईपीएल 2022 के दूसरे क्वालीफायर मैच में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें यह मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी, लेकिन बारिश मैच में बाधा बन सकती है। अगर बारिश की वजह से कोई गेंद नहीं फेंकी जाती है तो अंक तालिका में ऊपर रहने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी और 29 मार्च को राजस्थान का सामना गुजरात से होगा। वहीं, बारिश की वजह से ओवर कम होने पर कम से कम पांच ओवर का मैच कराने की कोशिश की जाएगी। अगर पांच ओवर का समय भी नहीं मिलता है तो सुपर ओवर के जरिए मैच का नतीजा निकालने की कोशिश होगी।
विज्ञापन
राजस्थान और बैंगलोर के बीच इस सीजन दो मैच हुए हैं। पहला मैच आरसीबी के नाम रहा था, जबकि दूसरे मैच में राजस्थान ने बाजी मारी थी। इस मैच में भी दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।
कैसा रहेगा मौसम?
मैच के दौरान अहमदाबाद में हल्के बादल रहेंगे। बारिश की संभावना तीन फीसदी है। वहीं, हवा में नमी 51 फीसदी के करीब रहेगी, जो बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम के लिए मुसीबत बन सकती है। दिन में तापमान 42 डिग्री के करीब रहेगा, जो रात में गिरकर 29 डिग्री तक जा सकता है। गर्मी की वजह से भी खिलाड़ियों को परेशानी हो सकती है।
कैसी रहेगी पिच?
अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों की मददगार रही है। यहां पर टी20 में पहली पारी का औसत स्कोर 174 रन है। वहीं, दूसरी पारी का औसत स्कोर 166 रन है। हालांकि, आसमान में बादल रहने से तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। स्पिन गेंदबाज लंबी बाउंड्री का फायदा उठाकर फ्लाइट में बल्लेबाजों को फंसा सकते हैं। अहमदाबाद की पिच में ज्यादा मैच नहीं हुए हैं और पिच नई है। इस वजह से ऑफ कटर और स्लोअर गेंदे कम असरदार रहेंगी।
राजस्थान रॉयल्स की संभावित टीम
यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शिमरन हेटमायर, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल, ओबी मैकॉय।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की संभावित टीम
विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), रजत पाटीदार, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), महिपाल लोमरोर, शाहबाज अहमद, वनिन्दु हसरंगा, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड।