भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में आईपीएल 2025 में गेंद पर मुंह के लार के इस्तेमाल की मंजूरी दी थी। बोर्ड ने यह फैसला 10 टीमों के कप्तानों की सहमति के बाद लिया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालांकि, अब भी इस पर प्रतिबंध लगा हुआ है। गेंदबाजी की आदत लार का इस्तेमाल करने की छूट गई है और ऐसा ही कुछ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के साथ हुआ।
भुवनेश्वर ने इस बात की स्वीकार किया कि दोबारा से यह नियम बनने के बावजूद वह गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल करना भूल गए थे। भुवनेश्वर ने कहा कि लार के इस्तेमाल पर से प्रतिबंध हटने के बावजूद वह गेंद को चमकाने के लिए इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। आईसीसी ने कोरोना के दौरान गेंद को चमकाने के लिए उस पर लार लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया था। आईपीएल में भी पहले इसके इस्तेमाल पर प्रतिबंध था जोकि अब हटाया जा चुका है।
पंजाब के खिलाफ लार का इस्तेमाल करेंगे भुवनेश्वर
भुवनेश्वर ने हालांकि कहा कि वह पंजाब किंग्स के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मैच में गेंद पर लार का इस्तेमाल करना नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा, मैं भूल ही गया था कि लार का प्रयोग कर सकता हूं। किसी स्टाफ ने मुझे बताया तो मुझे याद ही नहीं कि इसका इस्तेमाल करना है। शुक्रवार को होने वाले मैच में प्रयोग करके देखूंगा कि इससे फायदा मिल रहा है या नहीं।
शमी ने की थी मांग
आईपीएल के दिशा निर्देश आईसीसी के अधिकार क्षेत्र से परे हैं। बीसीसीआई के एक अधिकारी के अनुसार कोरोना से पहले गेंद पर लार लगाना आम बात थी। अब कोरोना का खतरा नहीं है तो आईपीएल में गेंद पर लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को हटाने में बुराई नहीं थी। इससे पहले भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आईसीसी से गेंद पर लार का इस्तेमाल करने की मंजूरी देने का आग्रह किया था।