भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा हमेशा से ही अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। मैदान के अंदर उनका फ्रंटफुट पर गेंद को पुल करने का अंदाज हो या मैदान के बाहर लोगों से बात करने का तरीका। रोहित हर काम अपने अंदाज में बहुत ही आसानी से करते हैं। अब उन्होंने प्रैक्टिस के लिए मैदान में पहुंचने का नया तरीका भी खोज निकाला है। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले रोहित शर्मा स्कूटर की सवारी करते हुए अभ्यास करने पहुंचे। रोहित का यह वीडियो बीसीसीआई ने शेयर किया है।
इस वीडियो में रोहित को मजे से स्कूटर की सवारी करते देखा जा सकता है। रोहित का यह वीडियो उनके फैंस को बेहद पसंद आया है। रोहित ने फैंस ने लिखा है कि वे हमेशा ही कूल रहते हैं। वहीं, एक फैन ने मजे लेते हुए लिखा "ओह अच्छा रोहित इधर व्यस्त हैं।" इसके साथ ही उन्होंने हंसने वाला इमोजी शेयर किया।
रोहित की कप्तानी में भारत का प्रदर्शन शानदार
भारतीय टीम के नियमित कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा कोई सीरीज नहीं हारे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उनकी अगुआई में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया था और पांच मैचों की सीरीज 4-1 से जीती थी। हालांकि, आखिरी मैच में हार्दिक पांड्या ने कप्तानी की थी। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में कहा था कि भारतीय टीम अब और निडर होकर खेलेगी और सभी खिलाड़ी शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे।
इसकी शुरुआत खुद कप्तान रोहित शर्मा करते हैं। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में उन्होंने हर मैच में टीम इंडिया को विस्फोटक शुरुआत दिलाई और इसी का फायदा रहा कि बीच के ओवरों में ज्यादा रन नहीं बनने पर भी भारत का स्कोर बहुत कम नहीं हुआ। अब रोहित इसी अंदाज में पाकिस्तान के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करना चाहेंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ भी गाड़ी में बैठकर मेडल लेने पहुंचे थे
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज खत्म होने के बाद रोहित शर्मा ग्राउंड स्टाफ की गाड़ी में बैठकर मेडल लेने पहुंचे थे। इस दौरान वो खुद गाड़ी चला रहे थे, जबकि कार्तिक उनके साथ थे। बाद में टीम के बाकी खिलाड़ियों ने भी उसी गाड़ी के साथ फोटो खिंचाए थे और काफी मस्ती की थी।