विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 13 फरवरी को मुंबई में होनी है। इसके लिए पूरी तैयारी हो चुकी है। कुल 409 खिलाड़ियों के नीलामी के लिए चुना गया है। इनमें से अधिकतम 90 खिलाड़ियों पर ही बोली लगेगी। सभी पांच फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों पर दांव लगाने के लिए तैयार हैं। एक टीम में 15-18 खिलाड़ी हो सकते हैं।
साल 2008 में पुरुषों का आईपीएल शुरू हुआ था और इसके 15 साल बाद महिलाओं के लिए विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत हो रही है। ऐसे में बीसीसीआई ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें भारतीय पुरुष टीम के कप्तान रोहित शर्मा, दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन ने ऑक्शन से पहले सभी को शुभकामनाएं दी हैं।
रोहित शर्मा ने इस पल को ऐतिहासिक बताते हुए सभी पांच टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि घबराहट हो रही है, लेकिन यह काफी उत्साहित करने वाला समय भी है। वहीं, अश्विन ने कहा कि पिछले कुछ साल में भारतीय महिला टीम ने आईसीसी टूर्नामेंट और अन्य प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया है। डब्ल्यूपीएल के मीडिया अधिकार के लिए बड़ी बोली लगी है। उम्मीद की जा सकती है कि यह बेहद सफल टूर्नामेंट होगा। वहीं, दिनेश कार्तिक ने कहा कि पिछले पांच सालों में पूरी दुनिया में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ी है। जिस तरह से युवा लड़कियां स्टेडियम में आकर मैच देख रही हैं, वह शानदार है।
अश्विन और कार्तिक ने कहा कि वे इस टूर्नामेंट को लेकर बहुत उत्साहित हैं। इस टूर्नामेंट से अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रिकेट को कई नए सितारे निकलेंगे। जब छोटी जगहों की खिलाड़ी अच्छा करेंगे और सफल होंगी तो युवा लड़कियां उन्हें देखकर क्रिकेट में अपना करियर बनाने की कोशिश करेंगी।
रोहित ने वीडियो के अंत में कहा कि इस टूर्नामेंट ने खिलाड़ियों को कई मौके दिए हैं। खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं, उनके पास कमाई के नए जरिए हैं। यह बहुत बड़ा मौका होने वाला है, हमने पुरुषों की लीग के साथ यह चीज देखी है। अंत में उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी हैं।