टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में भी शतक ठोंक दिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली 5 पारियों में 209, 138, 34, नाबाद 171 और 124 रन बनाए हैं।
वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में एक के बाद दो शतक ठोंकने वाले महज तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा इंग्लैंड के ग्रीम हीक ने 1998-99 में किया था। फिर टीम इंडिया के ही महान बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने 2003-04 में यह कारनामा किया था। उन्होंने वनडे में अपने 10 शतक में से 5 शतक तो अकेले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ठोंके हैं।
टेस्ट में फ्लॉप रहने वाले रोहित का बल्ला वनडे में खासकर कंगारुओं के खिलाफ जमकर बोलता है। पर्थ के बाद उन्होंने ब्रिसबेन वनडे में भी शानदार शतक लगाया। पहले मैच में उन्होंने नाबाद 171 रन बनाए फिर आज 124 रनों की धमाकेदार पारी खेली। हालांकि वह 42वें ओवर की तीसरी गेंद पर बेहद अजीबोगरीब ढंग से रन आउट हो गए। बल्लेबाज रहाणे ने स्ट्रेट में तेज शॉट खेला जो गेंदबाज के हाथ से टकराती हुई नॉन-स्ट्राइकर एंड विकेट पर टकरा गई। इस बीच रोहित अपना क्रीज छोड़ बैठे थे और वह रन आउट हो गए।
लेकिन इस शानदार पारी के दौरान उन्होंने एक-दो बार नहीं बल्कि 3 बार सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। इसके अलावा इस पारी के जरिए दो बार टीम इंडिया के एक और ओपनर सौरव गांगुली के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। साथ ही उनके नाम एक रिकॉर्ड और भी जुड़ गया कि बतौर ओपनर इस मैदान पर अर्धशतक जमाने वाले वे चौथे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए।