फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Riyan Parag Surgery: रियान पराग के कंधे की हुई सफल सर्जरी, अब रिहैब के बाद मैदान पर वापसी की तैयारी

Thu, 11 Jun 2026 05:46 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के कंधे की सफल सर्जरी हो गई है। पिछले दो वर्षों से चोट से जूझ रहे पराग अब रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और भारतीय टीम में वापसी की तैयारी करेंगे।
विज्ञापन
रियान पराग - फोटो : Riyan Parag (Instagram)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के कंधे की सफल सर्जरी हो गई है। पिछले करीब दो वर्षों से कंधे की चोट से जूझ रहे पराग ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। सर्जरी के बाद अब वह रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया पूरी कर मैदान पर वापसी की तैयारी करेंगे।
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर दी जानकारी
रियान पराग ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर सर्जरी के बाद की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'आखिरकार सर्जरी हो गई। जो लोग पूछ रहे थे, उन्हें बता दूं कि सर्जरी हो गई है और सब ठीक रहा। पिछले दो वर्षों ने मेरी ऐसी परीक्षा ली जिसकी मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी। कुछ दिन अच्छे रहे, कुछ निराशाजनक, और कुछ दिन ऐसे भी थे जब सिर्फ एक मैच पूरा करना ही बड़ी चुनौती थी। लेकिन मैं इसे किसी और तरह से नहीं चाहता था। अब एक अलग चुनौती है, ठीक होना, रिहैब और सब्र रखना। मैं जल्द ही वही काम करूंगा जो मुझे पसंद है। जल्द ही मिलते हैं।'


दो साल से चोट से परेशान थे पराग
रियान पराग पिछले दो वर्षों से कंधे की चोट से परेशान थे। इस चोट का असर उनके घरेलू और अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी पड़ा। चोट के कारण उन्हें भारतीय टीम से बाहर रहना पड़ा, जबकि आईपीएल में भी वह कई मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सके।

बीसीसीआई करेगा रिहैब की निगरानी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अनुसार, पराग के रिहैबिलिटेशन की निगरानी बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में की जाएगी। क्रिकेट में वापसी से पहले उन्हें निर्धारित रिकवरी कार्यक्रम पूरा करना होगा और मेडिकल टीम से फिटनेस मंजूरी लेनी होगी।
विज्ञापन

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के रूप में किया प्रभावित
आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत से पहले रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स का पूर्णकालिक कप्तान नियुक्त किया गया था। कप्तान के रूप में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा और उन्होंने टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया। हालांकि, प्लेऑफ में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार के बाद राजस्थान का अभियान समाप्त हो गया। लीग चरण के दौरान चोट के कारण पराग कई मैचों में नहीं खेल पाए थे। उनकी अनुपस्थिति में यशस्वी जायसवाल ने टीम की कप्तानी संभाली थी।

श्रीलंका दौरे से भी हुए बाहर
कंधे की चोट के कारण रियान पराग हाल ही में श्रीलंका में आयोजित भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान की ए टीमों की वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए थे। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह अन्य खिलाड़ियों को मौका दिया था।

राष्ट्रीय टीम में वापसी पर नजर
सर्जरी सफल होने के बाद अब रियान पराग का पूरा ध्यान रिकवरी और फिटनेस हासिल करने पर रहेगा। रिहैब प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और भारतीय राष्ट्रीय टीम में वापसी की कोशिश करेंगे। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि पराग जल्द ही पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटेंगे और अपने प्रदर्शन से फिर से प्रभावित करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें