राजस्थान रॉयल्स के कार्यवाहक कप्तान रियान पराग का कहना है कि आईपीएल 2025 में टीम की कमान संभालने के दौरान उन्हें नियमित कप्तान संजू सैमसन और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से काफी समर्थन मिला है। रियान पिछले सीजन राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। सैमसन अंगुली की चोट से वापसी कर रहे हैं और उन्होंने शुरुआत के तीन मैच में पूर्णकालिक बल्लेबाज के तौर पर खेलने का फैसला किया है, जिससे रियान इन मैचों में टीम की कमान संभालेंगे।
घरेलू मैचों में कप्तान कर चुके हैं रियान
रियान घरेलू मैचों में टीम की कप्तानी कर चुके हैं इसलिए यह जिम्मेदारी उनके लिए नई नहीं है। आईपीएल में कप्तान के तौर पर हालांकि, उनके लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि टीम को आईपीएल 2025 के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 44 रनों से हार का सामना करना पड़ा। रियान के पास दो मैचों में कप्तान के तौर पर खुद को साबित करने का मौका है। राजस्थान का सामना अब बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से है। राजस्थान अपने दूसरे होम ग्राउंड गुवाहाटी में यह मुकाबला खेलने उतरेगी।
ये भी पढ़ें: BCCI: आईपीएल की तरह महिला प्रीमियर लीग में भी बढ़ेगी टीमों की संख्या? टूर्नामेंट को लेकर सामने आई बड़ी जानकारी
रियान ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों के होने से उन्हें कप्तानी करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। रियान ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मुझे लगता है कि सभी पेशेवर हैं, सभी को पता है कि जब नया लीडर आता है तो क्या करना है। संजू भाई वाकई काफी मददगार हैं और राहुल द्रविड़ से भी काफी मदद मिलती है, इसलिए मुझे टीम की कप्तानी करने या संवाद करने में कोई दिक्कत नहीं आती है।
बल्लेबाजों के प्रदर्शन के खुश हैं कप्तान
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 287 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम करीब आकर जीत हासिल करने से चूक गई थी, लेकिन रियान इस बात से खुश हैं कि सैमसन, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेत्मायर और शुभम दुबे अच्छी फॉर्म में हैं। रियान ने कहा, मेरा हमेशा से मानना रहा है कि किसी भी बल्लेबाजी क्रम के लिए मध्यक्रम महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने जिस तरह से कदम बढ़ाया, जिस तरह से बल्लेबाजी की, परिणाम की परवाह किए बिना, मुझे लगता है कि यह एक बड़ी बात है क्योंकि हम इस सीजन के हर मैच में 280 रन नहीं देने जा रहे हैं। हम 180, 140, 150 का पीछा करेंगे तो उस जगह इन बल्लेबाजों की हमें जरूरत होगी।