भारत ए को गुरुवार को इंग्लैंड लायंस के खिलाफ एकमात्र अनाधिकारिक टेस्ट में 253 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इंग्लैंड लायंस द्वारा मिले 421 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए की पूरी टीम 44 ओवर में 167 रन पर ढेर हो गई।
दूसरी पारी में भारत ए के लिए ऋषभ पंत (61) और अजिंक्य रहाणे (48) ने ही उपयोगी पारियां खेली। याद हो कि पहली पारी में भारत ए की टीम 197 रन पर ऑलआउट हो गई थी। वहीं इंग्लैंड ने पहली पारी में 423 रन जबकि दूसरी पारी 194/5 रन के स्कोर पर घोषित की थी।
भारत ए ने आखिरी दिन अपनी पारी 11/3 के स्कोर से आगे खेलते हुए भारतीय टीम की शुरूआत खराब रही। नाइट वॉचमैन शाहबाज नदीम (10) अपने कल के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर सके। इसके बाद अजिंक्य रहाणे (48) और कप्तान करूण नायर (13) के बीच 39 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन नायर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और टीम का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 54 रन हो गया।
इसके बाद ऋषभ पंत और अजिंक्य रहाणे के बीच 54 रनों की साझेदारी हुई। रहाणे पहली पारी की तरह एक बार फिर अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे। उन्होंने पहली पारी में भी 49 रन बनाए थे। पंत ने पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी शानदार अर्धशतक लगाया। वो 7वें विकेट के रूप में 61 रन बनाकर आउट हुए, उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और दो छक्के भी लगाए।
इसके अलावा जयंत यादव (21) और मोहम्मद सिराज (11) ने 25 रन जोड़े। हालांक्रि इंग्लैंड लायंस के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत ए को जल्दी समेट दिया। इंग्लैंड लायंस के लिए सैम करन, जेम्स पोर्टर और डॉमिनिक बेस ने दो-दो विकेट लिए। मैथ्यू फिशर, क्रिस वोक्स और जेक लीच को एक-एक सफलता मिली।