ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन मामले में निलंबित खिलाड़ी शेन वॉटसन का बचाव किया है। पोंटिंग ने कहा, 'वॉटसन टीम के प्रति काफी ईमानदार खिलाड़ी है। उसकी प्रतिबद्घता पर सवाल नहीं उठाया सकता है।
मालूम हो कि कोच मिकी ऑर्थर के आदेश का पालन नहीं करने पर शेन वॉटसन सहित चार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भारत के खिलाफ मोहाली टेस्ट से निलंबित कर दिया गया था। खिलाड़ियों के निलंबन का ऑस्ट्रेलिया के ज्यादातर पूर्व क्रिकेटरों ने कड़े शब्दों में विरोध किया था।
पूर्व कप्तान ने कहा कि वॉटसन बाकियों की ही तरह काफी मेहनत करता है। उसने यहां गलती की। मैं इसे होमवर्क नहीं कहूंगा क्योंकि यह होमवर्क नहीं था। उसने कोच का दिया हुआ काम पूरा नहीं किया।
पूर्व कप्तान ने द ऑस्ट्रेलियन से कहा कि मैं हमेशा से उसे टीम के लिए खेलने वाले एक खिलाड़ी के रूप में जानता आया हूं। उन्होंने कहा कि मैंने उसके साथ खेलने के हर पल का मजा लिया। मैंने उसे और उसकी शख्सियत को समझा और उसके बहुत करीब रहा।
वॉटसन को टीम में लाने वाले पोंटिंग क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर पैट होवर्ड के इस बयान से इत्तेफाक नहीं रखते कि वॉटसन कभी कभार टीम मैन हैं।
उन्होंने कहा कि पैट पिछले 12 महीने से शेन को जानता है जबकि माइकल क्लार्क और शेन एक दूसरे को 20 साल से जानते हैं।